मुंबई: दिवाली की रात शहर के अलग-अलग इलाकों में आग लगने की घटनाओं के बाद मुंबई प्रशासन ने पटाखों को लेकर बड़ा कदम उठाया है। मुंबई आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने 25 नवंबर 2026 तक रॉकेट और आसमान में उड़ने वाले अन्य पटाखों पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह आदेश 9 नवंबर से प्रभावी हो गया है और 25 नवंबर की रात 11:59 बजे तक लागू रहेगा।
प्रशासन ने यह फैसला रॉकेट और हवाई पटाखों से आग फैलने के खतरे को देखते हुए लिया है। अधिकारियों का मानना है कि ऐसे पटाखे हवा में उड़ने के बाद इमारतों की छतों, बालकनियों और खिड़कियों पर गिर सकते हैं। इससे रिहायशी और व्यावसायिक परिसरों में आग लगने की आशंका बढ़ जाती है।
यह खबर भी पढ़ें:-धौलपुर में कुएं में डूबने से पिता-पुत्र की मौत, मां को पुलिस ने सुरक्षित बचाया
रिहायशी इमारतों से लेकर झुग्गी बस्तियों तक लागू होगा प्रतिबंध
मुंबई आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी आदेश के अनुसार, यह प्रतिबंध बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के अधिकार क्षेत्र में लागू रहेगा। इसके दायरे में रिहायशी इमारतों के अलावा उनकी छतें, बालकनियां और झुग्गी बस्तियां भी शामिल हैं।
आदेश में बताया गया है कि मुंबई के कई हिस्सों में इमारतें एक-दूसरे के काफी करीब हैं। ऐसे में रॉकेट या दूसरे हवाई पटाखों के जलने के बाद उनके टुकड़े या जलते हुए हिस्से आसपास की इमारतों और ज्वलनशील सामान तक पहुंच सकते हैं। इससे आग तेजी से फैलने का खतरा रहता है।
दिवाली की रात शहर में आग की तीन बड़ी घटनाएं
दिवाली की रात मुंबई के अलग-अलग इलाकों में आग लगने की कम से कम तीन बड़ी घटनाएं सामने आई थीं। इन घटनाओं में कई झोपड़ियां, दुकानें, एक गैरेज और एक व्यावसायिक इमारत के कुछ हिस्से आग की चपेट में आ गए थे।
इन घटनाओं के बाद प्रशासन ने हवाई पटाखों से होने वाले संभावित नुकसान को गंभीरता से लिया। खासकर घनी आबादी वाले इलाकों में इस तरह के पटाखों को जोखिम भरा मानते हुए प्रतिबंध लगाने का फैसला किया गया।
यह खबर भी पढ़ें:-बूंदी में दिवाली पर दर्दनाक हादसा, कांच के गिलास में पटाखा फोड़ने से 12 साल के बच्चे की मौत
25 नवंबर की रात 11:59 बजे तक लागू रहेगा आदेश
अतिरिक्त नगर आयुक्त प्राजक्ता वर्मा-लावंगारे के हस्ताक्षर से जारी आदेश में प्रतिबंध की अवधि स्पष्ट की गई है। इसके मुताबिक, 9 नवंबर 2026 से 25 नवंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक BMC क्षेत्र में रॉकेट और आसमान में उड़ने वाले अन्य पटाखे जलाने की अनुमति नहीं होगी।
प्राधिकरण ने लोगों से आदेश का पालन करने की अपील की है। प्रशासन का उद्देश्य रिहायशी इलाकों, ऊंची इमारतों, दुकानों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर आग लगने की आशंका को कम करना है।



