Wednesday, April 15, 2026
HomeLatest Newsगायकवाड़ की फॉर्म पर उठे सवाल, अश्विन बोले- शुरुआत में जोखिम भरे...

गायकवाड़ की फॉर्म पर उठे सवाल, अश्विन बोले- शुरुआत में जोखिम भरे शॉट छोड़ें, तभी CSK को मिलेंगी लगातार जीत

रविचंद्रन अश्विन ने कहा कि चेन्नई सुपर किंग्स की लगातार दो जीत से कप्तान रुतुराज गायकवाड़ पर दबाव कम होगा और उन्हें अपनी बल्लेबाजी में अधिक संयम अपनाने की जरूरत है। उन्होंने सुझाव दिया कि गायकवाड़ शुरुआत में आक्रामक शॉट्स से बचें। वहीं डेल स्टेन ने संजू सैमसन के शतक को टीम के लिए टर्निंग पॉइंट बताया। सीएसके ने शुरुआती हार के बाद दिल्ली कैपिटल्स और केकेआर को हराया।

CSK vs KKR : चेन्नई। भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) का मानना ​​है कि चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के वर्तमान सत्र में लगातार दो जीत से कप्तान रुतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) पर दबाव कम होगा। उन्होंने इसके अलावा खराब फॉर्म में चल रहे इस सलामी बल्लेबाज को पारी की शुरुआत में अपने दृष्टिकोण में थोड़ा बदलाव करने की सलाह भी दी। पांच बार की चैंपियन सीएसके ने शुरुआत में लगातार तीन हार झेली लेकिन इसके बाद उसने दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स को हराकर शानदार वापसी की।

गायकवाड़ की खराब फॉर्म पर अश्विन का बड़ा बयान

अश्विन ने जियोस्टार पर कहा, कप्तान के तौर पर उन्हें दो जीत मिल चुकी हैं, जिससे वह सहज महसूस करेंगे। सच कहूं तो अगर मैं डगआउट में होता या रुतुराज गायकवाड़ होता तो ज्यादा चिंता नहीं करता। टी20 प्रारूप ऐसा है जहां आपको लगातार इरादा दिखाना होता है। गायकवाड़ रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं। उन्होंने पांच मैचों में केवल 63 रन बनाए हैं, जिसमें उनका उच्चतम स्कोर 28 है। उनकी असफलता के कारण युवा आयुष म्हात्रे के संजू सैमसन के साथ पारी की शुरुआत करने की भी चर्चा बढ़ रही है। ऐसे में गायकवाड़ के तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने की संभावना है।

गायकवाड़ को शुरुआत में संभलकर खेलना होगा तभी आएंगे रन : अश्विन

अश्विन ने गायकवाड़ को अपनी पारी की शुरुआत में हवा में शॉट नहीं खेलने की सलाह दी। उन्होंने कहा, रुतुराज कुछ ज्यादा ही आक्रामक शॉट खेल रहे हैं और जल्दी आउट हो रहे हैं। अगर वह अपनी पारी की शुरुआत में थोड़ा सहज होकर खेलें, गेंद को सही समय पर खेलने की कोशिश करें और अधिक से अधिक मैदानी शॉट खेलें तो इससे उन्हें फायदा मिल सकता है। इस बीच दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन का मानना ​​​​है कि दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सैमसन के शतक ने सीएसके में नई जान फूंकी है। सैमसन ने दिल्ली के खिलाफ नाबाद 115 रन बनाकर शानदार वापसी की और फिर केकेआर के खिलाफ 48 रन बनाए।

स्टेन ने कहा, उनके उस शतक ने ड्रेसिंग रूम का माहौल बदल दिया। इससे टीम में नहीं ऊर्जा का संचार हुआ है जिससे टीम ने जीत की राह पकड़ ली है। उन्होंने कहा, आईपीएल मैच जीतना वाकई मुश्किल है। कभी-कभी जीत काफी करीब होती है फिर भी आप हार जाते हैं। इसलिए एक बार जीत हासिल करने के बाद टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ जाता है।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular