जयपुर। राजस्थान में स्थानीय निकाय चुनाव 2026 के पहले चरण का चुनावी रण आज से शुरू हो चुका है। प्रदेश के 39 जिलों की कुल 162 नगरीय निकायों में सुबह 7 बजे से ही मतदान जारी है, जो शाम 6 बजे तक चलेगा। लोकतंत्र के इस पर्व के बीच अलवर से एक हिंसक झड़प की खबर सामने आई है, जिसने चुनावी माहौल में गरमाहट ला दी है।
162 निकायों में 57 लाख से अधिक मतदाता तय करेंगे किस्मत
पहले चरण के इस मतदान में प्रदेश के 4 नगर निगम (अलवर, भरतपुर, बीकानेर और भीलवाड़ा), 24 नगर परिषद और 134 नगर पालिकाएं शामिल हैं। निर्वाचन आयोग के मुताबिक, कुल 5,393 पार्षद पदों के लिए 20 हजार से अधिक उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए 7,683 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 57,52,278 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
जयपुर जिले की बात करें तो यहां चौमूं और शाहपुरा नगर परिषद समेत 16 नगर पालिकाओं (दूदू, किशनगढ़-रेनवाल, जोबनेर, बस्सी, सांभरलेक, बगरू, चाकसू आदि) में भी सुबह से ही वोटरों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं।

अलवर के वार्ड-43 में बवाल, बीजेपी उम्मीदवार पर लाठी-डंडों से हमले का आरोप
मतदान के बीच अलवर के सूर्य नगर (वार्ड नंबर 43) में चुनावी रंजिश को लेकर मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। दो युवकों ने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी जगदीश अटल और उनके समर्थकों पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है।
इस हिंसक घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। एक युवक के सिर में गहरा घाव होने के कारण करीब 15 टांके आए हैं, जबकि दूसरे युवक के चेहरे पर गंभीर चोटें पहुंची हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, हालांकि पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने में जुटा है।
यह खबर भी पढ़ें:-CM के रोड शो पर भड़के शांति धारीवाल, बोले- ‘पहली बार देखा ऐसा मंजर, बीजेपी में खौफ’
9 सितंबर को सार्वजनिक अवकाश, 14 को आएंगे नतीजे
सरकार ने पहले चरण की वोटिंग के मद्देनजर 9 सितंबर (बुधवार) को संबंधित निकाय क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इसके अलावा 11 सितंबर को होने वाले दूसरे चरण और जयपुर नगर निगम क्षेत्र में मतदान के दिन भी अवकाश रहेगा।
राजस्थान में कुल 309 नगरीय निकायों में दो चरणों में चुनाव संपन्न हो रहे हैं। पहले चरण का मतदान आज हो रहा है, जबकि दूसरे चरण के लिए 11 सितंबर को वोट डाले जाएंगे। सभी 309 निकायों के चुनावी नतीजे 14 सितंबर 2026 को जारी किए जाएंगे।



