Guru Purnima 2026: जयपुर। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज प्रदेश के शिक्षा जगत को कई महत्वपूर्ण सौगातें देंगे. भरतपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री 691 करोड़ रुपयेके शैक्षिक निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे. साथ ही 40 लाख से अधिक पात्र विद्यार्थियों को नि:शुल्क यूनिफॉर्म के लिए 250 करोड़ रुपये की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से जारी करेंगे.इसके अलावा मुख्यमंत्री करीब 6 करोड़ रुपये के व्हीलचेयर और टैबलेट भी वितरित करेंगे.
बालिका सैनिक विद्यालय की रखेंगे आधारशिला
बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में मुख्यमंत्री भरतपुर जिले की वैर तहसील के खेड़ली गुर्जर में बालिका सैनिक विद्यालय का शिलान्यास भी करेंगे. कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहेंगे.
250 करोड़ रुपये की राशि DBT के माध्यम से हस्तांतरित की जाएगी
राज्य सरकार के अनुसार, कक्षा 1 से 8 तक अध्ययनरत 40 लाख से अधिक पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में नि:शुल्क यूनिफॉर्म के लिए 250 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की जाएगी. इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों पर आर्थिक बोझ कम करना है.
‘मिशन पढ़ो राजस्थान’ का शुभारंभ
मुख्यमंत्री इस अवसर पर ‘मिशन पढ़ो राजस्थान’ के तहत रीडिंग प्रमोशन कैंपेन का भी शुभारंभ करेंगे. अभियान के तहत प्रदेश के सभी सरकारी विद्यालयों में प्रतिदिन सातवें कालांश में विद्यार्थियों के लिए पठन गतिविधि आयोजित की जाएगी, ताकि उनकी भाषा दक्षता और पढ़ने की आदत को मजबूत किया जा सके.
‘निपुण कैलेंडर’ का होगा विमोचन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ‘निपुण कैलेंडर’का भी विमोचन करेंगे. इसका उद्देश्य अभिभावकों की विद्यालयों में भागीदारी बढ़ाना और उन्हें पूरे शैक्षणिक वर्ष के दौरान बच्चों की शैक्षणिक गतिविधियों एवं सीखने की प्रगति की नियमित जानकारी उपलब्ध कराना है.
ये भी पढ़ें: शेयर बाजार की धमाकेदार शुरुआत! सेंसेक्स 726 अंक उछला, निफ्टी 24,189 के पार



