नई दिल्ली। दिल्ली में SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के मुद्दे पर कांग्रेस और विपक्ष का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। बुधवार को राहुल गांधी के जंतर-मंतर की ओर बढ़ते ही दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। राहुल गांधी समेत INDIA ब्लॉक के कई सांसद दिल्ली के जनपथ इलाके में जुटे थे। इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बुलावे पर विपक्षी सांसदों की बैठक भी हुई।
जंतर-मंतर के पास भारी पुलिस बल
जंतर-मंतर से करीब 100 मीटर दूर स्थित सागर रत्ना रेस्टोरेंट में विपक्षी सांसदों के जुटने के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए और बैरिकेडिंग की गई। इलाके में BNSS की धारा 163 लागू होने के कारण पुलिस प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी।
राहुल की बस पहुंचते ही पुलिस का एक्शन
राहुल गांधी की बस जैसे ही जंतर-मंतर के गोल चक्कर के पास पहुंची, वहां नारेबाजी कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने एक-एक करके हिरासत में लेना शुरू कर दिया। मौके पर प्रदर्शनकारियों को ले जाने के लिए कई बसें भी लगाई गई थीं। पुलिस ने पोस्टर-बैनर लेकर प्रदर्शन कर रहे लोगों को बसों में बैठाया।
जंतर-मंतर जाने को लेकर असमंजस
राहुल गांधी और विपक्षी सांसदों के जंतर-मंतर जाने को लेकर पहले से ही स्थिति स्पष्ट नहीं थी। पुलिस की ओर से संकेत दिया गया था कि अगर प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस या विंडसर पैलेस की तरफ बढ़ते हैं तो उन्हें रोका जा सकता है। राहुल गांधी की बस के आगे बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पैदल चल रहे थे। जैसे ही यह काफिला जंतर-मंतर के करीब पहुंचा, पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी।
SP के प्रदर्शन में शामिल नहीं होने की चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, समाजवादी पार्टी कांग्रेस के इस प्रदर्शन में शामिल नहीं है। बताया गया कि SP को प्रदर्शन के लिए उचित तरीके से निमंत्रण नहीं मिला और पार्टी के साथ इस मुद्दे पर पर्याप्त संवाद भी नहीं हुआ। प्रदर्शन से पहले आयोजित लंच में भी SP का कोई प्रतिनिधि शामिल नहीं हुआ।
राहुल गांधी की तस्वीर कांग्रेस ने की पोस्ट
कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर राहुल गांधी की एक तस्वीर भी पोस्ट की है, जिसमें वह बस के अंदर बैठे नजर आ रहे हैं। दिल्ली में पुलिस और विपक्षी नेताओं के बीच तनावपूर्ण स्थिति के बीच अब सभी की नजर इस बात पर है कि प्रदर्शन को लेकर आगे क्या रणनीति अपनाई जाती है।



