Wednesday, October 7, 2026
HomeIndiaस्वेटर और कोट पर आ गए हैं रोएं? 2 मिनट में घर...

स्वेटर और कोट पर आ गए हैं रोएं? 2 मिनट में घर बैठे ऐसे करें साफ, दिखेंगे नए जैसे…

सर्दियों के स्वेटर, वूलन कोट और ब्लेजर पर रोएं यानी लिंट और पिलिंग कपड़ों का लुक खराब कर देते हैं। इन्हें हटाने के लिए महंगे फैब्रिक शेवर या ड्राई क्लीनिंग की जरूरत नहीं है। रेजर, डक्ट टेप, प्यूमिस स्टोन और बारीक कंघी जैसी घरेलू चीजों से कपड़ों से रोएं आसानी से हटाए जा सकते हैं।

जयपुर। सर्दियों में गर्म और स्टाइलिश स्वेटर, वूलन कोट और ब्लेजर पहनना हर किसी को पसंद होता है। लेकिन लगातार इस्तेमाल, कपड़ों के बीच घर्षण और गलत तरीके से धोने की वजह से इन पर छोटे-छोटे रोएं निकलने लगते हैं। इससे महंगे कपड़े भी पुराने और खराब दिखाई देने लगते हैं। अगर आपके पसंदीदा स्वेटर या कोट पर भी रोएं आ गए हैं, तो उन्हें हटाने के लिए महंगे फैब्रिक शेवर या ड्राई क्लीनिंग पर पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं। घर में मौजूद कुछ चीजों की मदद से इन्हें आसानी से साफ किया जा सकता है।

रेजर से हटाएं रोएं

स्वेटर या कोट को किसी साफ और समतल जगह पर सीधा फैलाएं। एक हाथ से कपड़े को हल्का खींचकर रखें और दूसरे हाथ से सूखे और शार्प रेजर को बहुत हल्के हाथ से ऊपर से नीचे की दिशा में चलाएं। ध्यान रखें कि रेजर को ज्यादा दबाव से न चलाएं, वरना कपड़े के धागे कट सकते हैं। पहले कपड़े के किसी छिपे हुए हिस्से पर टेस्ट करना बेहतर है।

डक्ट टेप भी आएगा काम

हल्के रोएं, धूल और छोटे-छोटे धागों को हटाने के लिए डक्ट या पैकिंग टेप इस्तेमाल किया जा सकता है। टेप को हाथ पर इस तरह लपेटें कि चिपकने वाला हिस्सा बाहर रहे और फिर कपड़े पर हल्के हाथ से टैप करें। रोएं और धूल टेप से चिपककर निकल जाएंगे।

झांवा पत्थर से सफाई

प्यूमिस स्टोन यानी झांवा पत्थर का इस्तेमाल भी कुछ मोटे वूलन फैब्रिक पर किया जा सकता है। इसे कपड़े पर बहुत हल्के हाथ से और एक ही दिशा में चलाएं। हालांकि नाजुक, महीन या आसानी से खिंचने वाले कपड़ों पर इसका इस्तेमाल करने से बचें।

बारीक कंघी से हटाएं पिलिंग

स्वेटर को समतल जगह पर रखकर बारीक दांतों वाली प्लास्टिक कंघी को हल्के हाथ से कपड़े पर चलाएं। इससे सतह पर बने छोटे-छोटे बबल्स या पिल्स अलग करने में मदद मिल सकती है।

आगे से रोएं आने से कैसे रोकें?

वूलन कपड़ों की देखभाल सही तरीके से करने पर पिलिंग कम की जा सकती है। कपड़ों को उल्टा करके धोना बेहतर रहता है। हाथ से धोते समय हल्के लिक्विड डिटर्जेंट का इस्तेमाल करें। अगर वॉशिंग मशीन में धो रहे हैं तो Gentle या Woolen Mode का इस्तेमाल करें। ज्यादा गर्म पानी और तेज घर्षण से बचें, क्योंकि इससे कपड़ों पर पिलिंग बढ़ सकती है।

जरूरी सावधानी: हर फैब्रिक पर रेजर, झांवा या खुरदुरी सतह वाला स्पंज इस्तेमाल करना सुरक्षित नहीं होता। खासकर महंगे या नाजुक कपड़ों पर पहले छोटे हिस्से में टेस्ट जरूर करें।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image