Patiala Railway Track Blast: पंजाब के पटियाला में सोमवार रात शंभू-राजपुरा रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के रेलवे ट्रैक पर विस्फोट हुआ है. इस धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी. इससे पटरी को नुकसान पहुंचा है. घटना सूचना मिलते ही RPF और स्थानीय पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना स्थल शंभू-अंबाला रेल पटरी के पास से एक अज्ञात शव भी मिला है. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि इसका संबंध सोमवार देर रात हुए विस्फोट से है या नहीं, लेकिन सूत्रों का कहना है कि धमाके से ही इस शव का संबंध है. पटियाला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वरुण शर्मा ने बताया कि विस्फोट से रेल पटरियों को भी कुछ नुकसान पहुंचा है. यह घटना रात करीब 10 बजे मालगाड़ियों के लिए निर्धारित पटरियों के पास हुई.
बम लगाने की कोशिश में खुद ही बना शिकार !
पुलिस को शक है कि मृतक बम लगाने की कोशिश कर रहा था और खुद उसी धमाके का शिकार बन गया. विस्फोट की खबर मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. राजकीय रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. एक अज्ञात शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला. इसके अलावा घटनास्थल से तार, 2 बाइक और एक क्षतिग्रस्त मोबाइल समेत अन्य चीजें बरामद की गई हैं.
STORY | Punjab: Blast damages railway track near Patiala; probe on
— Press Trust of India (@PTI_News) April 28, 2026
A blast took place near a railway track in Punjab's Patiala, police said. The explosion also caused some damage to the track, said Patiala Senior Superintendent of Police Varun Sharma.
READ:… pic.twitter.com/b7kcMI7byv
पटियाला SSP ने दी ये जानकारी
धमाके को लेकर पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि पटियाला पुलिस को शंभू बॉर्डर के पास रेलवे ट्रैक पर लो-इंटेंसिटी ब्लास्ट की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंचने पर जांच में सामने आया कि यह ब्लास्ट नहीं, बल्कि डेटोनेशन की कोशिश थी. उन्होंने कहा कि इस प्रयास के दौरान डेटोनेशन करने वाले व्यक्ति की मौत हो गई और घटनास्थल से एक शव बरामद किया गया है. पुलिस को मौके से एक सिम कार्ड और अन्य अहम सबूत भी मिले हैं. मामले की जांच जीआरपी सहित अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर की जा रही है और जल्द ही इस साजिश का खुलासा करने की बात कही गई है.



