Monday, May 18, 2026
HomeIndiaस्वीडन दौरा खत्म करने के बाद नॉर्वे के लिए रवाना हुए पीएम...

स्वीडन दौरा खत्म करने के बाद नॉर्वे के लिए रवाना हुए पीएम मोदी, 43 साल में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा

PM Modi Norway Visit: पीएम मोदी स्वीडन दौरा पूरा करने के बाद नॉर्वे के लिए रवाना हो गए हैं, जहां वह ओस्लो में तीसरे भारत-नॉर्डिक सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। 43 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली नॉर्वे यात्रा है। सम्मेलन में नॉर्वे, डेनमार्क, फिनलैंड, आइसलैंड और स्वीडन के नेता शामिल होंगे।

PM Modi Norway Visit: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को स्वीडन का दौरा खत्म करने के बाद नॉर्वे के लिए रवाना हो गए. यह 43 साल में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की नॉर्वे की पहली यात्री होगी, और मोदी का इस नॉर्डिक देश का पहला दौरा होगा, जहां वह तीसरे भारत-नॉर्डिक सम्मेलन में शामिल होंगे और देश के शीर्ष नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे. भारत-नॉर्डिक सम्मेलन मंगलवार को ओस्लो में होगा. इसमें मोदी और नॉर्वे, डेनमार्क, फिनलैंड, आइसलैंड तथा स्वीडन के उनके समकक्ष शामिल होंगे.

2 दिन के दौरे के दौरान क्या रहेगा शेड्यूल ?

अपने दो दिन के दौरे के दौरान, मोदी किंग हेराल्ड पंचम और क्वीन सोनजा से भी मिलेंगे, वहीं प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे. मोदी नॉर्वे के प्रधानमंत्री के साथ भारत-नॉर्वे व्यापार और अनुसंधान शिखर-सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे. भारत के विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह दौरा द्विपक्षीय व्यापार में गति बढ़ाने का अवसर भी प्रदान करेगा, जो 2024 में लगभग 2.73 अरब डॉलर था।

स्वीडन दौरे पर पीएम उल्फ क्रिस्टरसन से मिले

इससे पहले पीएम मोदी ने स्वीडन की अपनी 2 दिन की यात्रा के दौरान स्वीडिश समकक्ष उल्फ क्रिस्टरसन के साथ बातचीत की, जिसमें व्यापार, प्रौद्योगिकी, रक्षा और दूसरे खास क्षेत्रों पर ध्यान दिया गया. उन्होंने भारत-स्वीडन संबंधों के संपूर्ण आयाम की समीक्षा की और आपसी रिश्तों को रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाने पर सहमत हुए, जो रिश्ते में एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगा. सोमवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में, मोदी ने कहा कि स्वीडन के उनके दौरे में कई अहम परिणाम सामने आए जो ‘भारत-स्वीडन संबंधों में नई गति’ लाएंगे.

उन्होंने कहा, ‘हमारे रिश्तों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक ले जाने, संयुक्त नवाचार साझेदारी 2.0 शुरू करने और भारत-स्वीडन प्रौद्योगिकी तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता गलियारा शुरू करने से लेकर, अगले 5 साल में द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का बड़ा लक्ष्य तय करने तक, बातचीत बहुत फायदेमंद रही.’

पीएम मोदी को स्वीडन ने दिया सम्मान

पीएम मोदी को रविवार को, ‘भारत-स्वीडन के संबंधों में उनके असाधारण योगदान और उनके दूरदर्शी नेतृत्व’ के लिए ‘रॉयल ​​ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार, डिग्री कमांडर ग्रैंड क्रॉस’ से भी सम्मानित किया गया. बाद में, मोदी ने ‘उद्योग के लिए यूरोपीय राउंड टेबल’ को भी संबोधित किया, जहां उन्होंने कहा कि भारत की ‘सुधार एक्सप्रेस’ पूरी रफ्तार से चल रही है.

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘पिछले 12 वर्षों में भारत ‘सुधार, प्रदर्शन एवं परिवर्तन’ के मूल मंत्र पर काम कर रहा है. सरकार की राजनीतिक इच्छाशक्ति के साथ यह ‘सुधार एक्सप्रेस’ पूरी गति से आगे बढ़ रही है. उन्होंने देश की युवा आबादी, बढ़ते मध्यम वर्ग और अवसंरचना विकास का भी उल्लेख किया.

ये भी पढ़ें: राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ का बड़ा बयान, बोले- ‘किसी भी टीम को धूल चटा सकती है RR’


Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular