Thursday, July 9, 2026
HomeIndiaPM मोदी ने ऑस्ट्रेलियाई कारोबारियों को दिया भारत में निवेश का न्योता,...

PM मोदी ने ऑस्ट्रेलियाई कारोबारियों को दिया भारत में निवेश का न्योता, CECA समझौता जल्द पूरा करने पर जोर

PM Modi Australia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेलबर्न में ऑस्ट्रेलियाई कारोबारियों को भारत में निवेश का न्योता देते हुए भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक आर्थिक सहयोग समझौता (CECA) जल्द पूरा करने पर जोर दिया।

PM Modi Australia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को मेलबर्न में भारत-ऑस्ट्रेलिया आर्थिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का आह्वान करते हुए ऑस्ट्रेलियाई कारोबारियों से भारत में निवेश बढ़ाने की अपील की. उन्होंने दोनों देशों के बीच प्रस्तावित व्यापक आर्थिक सहयोग समझौते (CECA) को जल्द अंतिम रूप देने की आवश्यकता पर भी बल दिया.

मेलबर्न में CEO फोरम को किया संबोधित

प्रधानमंत्री मोदी ने मेलबर्न में आयोजित ‘ऑस्ट्रेलिया-इंडिया CEO फोरम’ और ‘इकोनॉमिक रोडमैप बिजनेस’ कार्यक्रम को ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ संयुक्त रूप से संबोधित किया. कार्यक्रम में दोनों देशों के प्रमुख उद्योगपति, निवेशक और 200 से अधिक सीईओ शामिल हुए. पीएम मोदी ने कहा कि वर्ष 2023 से इस फोरम ने उल्लेखनीय गति हासिल की है, जो भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बढ़ते आर्थिक विश्वास का प्रतीक है.

ऑस्ट्रेलियाई कंपनियों को भारत में निवेश का न्योता

मोदी ने कहा कि भारत तेज आर्थिक विकास, नीतिगत सुधारों, डिजिटल परिवर्तन और नवाचार के दम पर दुनिया का सबसे आकर्षक निवेश गंतव्य बन रहा है. उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई कंपनियों को भारत में निवेश करने और नए इनोवेशन विकसित करने का निमंत्रण दिया. उन्होंने कहा कि भारत का विशाल बाजार और ऑस्ट्रेलिया की तकनीकी विशेषज्ञता दोनों देशों के लिए लाभकारी साझेदारी का आधार बन सकती है.

इन क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर

प्रधानमंत्री मोदी ने विमानन, परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स, वित्तीय सेवाएं, महत्वपूर्ण खनिज, खाद्य प्रसंस्करण, खाद्य सुरक्षा, कौशल विकास और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा की. इसके अलावा उन्होंने दुर्लभ खनिज, लिथियम, बैटरी निर्माण, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिक वाहन (EV), सेमीकंडक्टर, कृत्रिम मेधा (AI), फिनटेक और रक्षा आपूर्ति श्रृंखला जैसे भविष्य के क्षेत्रों में संयुक्त निवेश और उत्पादन का आह्वान किया.

शिक्षा और कौशल विकास पर भी फोकस

मोदी ने भारत में ऑस्ट्रेलियाई विश्वविद्यालयों की बढ़ती मौजूदगी का स्वागत करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और कौशल विकास में सहयोग दोनों देशों के युवाओं को वैश्विक अवसरों के लिए तैयार करेगा.

CECA समझौता जल्द पूरा करने की अपील

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वर्ष 2022 में लागू आर्थिक सहयोग एवं व्यापार समझौते (ECTA) के बाद दोनों देशों के व्यापार और निवेश संबंधों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है. अब इन संबंधों को अगले स्तर तक ले जाने के लिए व्यापक आर्थिक सहयोग समझौते (CECA) को जल्द अंतिम रूप दिया जाना चाहिए. उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि भारत के राज्यों और ऑस्ट्रेलिया के प्रांतों के बीच उनकी विशेष क्षमताओं के आधार पर नई आर्थिक साझेदारियां विकसित की जाएं.

24 अरब डॉलर से अधिक पहुंचा द्विपक्षीय व्यापार

भारत और ऑस्ट्रेलिया फिलहाल CECA पर सक्रिय रूप से बातचीत कर रहे हैं. वित्त वर्ष 2025-26 में दोनों देशों के बीच वस्तुओं और सेवाओं का द्विपक्षीय व्यापार 24.1 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच चुका है. ऑस्ट्रेलिया वर्तमान में भारत का 14वां सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है. बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी अपनी तीन देशों की यात्रा के दूसरे चरण में ऑस्ट्रेलिया पहुंचे हैं. इससे पहले उन्होंने इंडोनेशिया का दौरा किया था, जबकि यात्रा के अंतिम चरण में वह न्यूजीलैंड जाएंगे.

ये भी पढ़ें: जयपुर में ATS-AGTF की ताबड़तोड़ रेड, 20 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी, गैंगस्टर्स से जुड़े कई बदमाशों को हिरासत में लिया


Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image