Philippines Earthquake: फिलीपींस में सोमवार सुबह आए 7.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई है. इस प्राकृतिक आपदा में अब 32 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 200 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं. भूकंप के बाद समुद्र में सुनामी की लहरें उठीं, जिससे तटीय इलाकों में दहशत फैल गई और कई गांवों को नुकसान पहुंचा.

कहां था भूकंप का केंद्र ?
भूकंप का केंद्र दक्षिणी फिलीपींस के मिंडानाओ क्षेत्र के तट से दूर समुद्र में था. फिलीपींस ज्वालामुखी एवं भूकंप विज्ञान संस्थान के अनुसार यह सारंगानी प्रांत के मासीम कस्बे से लगभग 32 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में और 33 किमी की गहराई पर आया. झटके इतने तेज थे कि लोग अपने घरों और कार्यालयों से निकलकर सड़कों पर आ गए.
जनरल सैंटोस शहर में सबसे ज्यादा असर
सबसे ज्यादा असर जनरल सैंटोस शहर में देखने को मिला, जहां कई इमारतें आंशिक रूप से ढह गईं और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा. एक महत्वपूर्ण पुल में दरारें आने की भी सूचना है. कुछ इमारतों में लोगों के फंसे होने की आशंका के बीच बचाव अभियान जारी है.

भूकंप के बाद आई सुनामी
भूकंप के बाद फिलीपींस के सारंगानी और सुल्तान कुदरत प्रांतों में लगभग 1 मीटर (3 फीट) ऊंची सुनामी लहरें दर्ज की गईं. कुछ स्थानों पर लहरों की ऊंचाई 1.4 मीटर तक पहुंच गई. तटीय गांवों में कई झोपड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं और हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. सुनामी का असर फिलीपींस तक सीमित नहीं रहा। इंडोनेशिया, पलाऊ और जापान के कुछ हिस्सों में भी छोटी लहरें दर्ज की गईं।
भूकंप के कारण कई छात्र हुए बेहोश
भूकंप ऐसे समय आया जब ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद स्कूल दोबारा खुल रहे थे. कई स्कूलों में सुबह का ध्वजारोहण कार्यक्रम चल रहा था. अचानक आए झटकों से छात्रों में अफरा-तफरी मच गई. कई छात्र घायल हुए और कुछ भय के कारण बेहोश हो गए.

राहत और बचाव कार्य जारी
फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए हैं. सेना, पुलिस और आपदा प्रबंधन एजेंसियां मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं. अधिकारियों ने लोगों से क्षतिग्रस्त इमारतों में वापस न लौटने की अपील की है, क्योंकि भूकंप के बाद के झटके (आफ्टरशॉक्स) आने का खतरा बना हुआ है. इस बीच, प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने बताया है कि फिलहाल बड़े स्तर पर सुनामी का खतरा टल चुका है, लेकिन तटीय क्षेत्रों में सतर्कता बरती जा रही है.

ये भी पढ़ें: भारत ने अफगानिस्तान को हराकर रचा इतिहास, बना दिया ये रिकॉर्ड, चमके मानव सुथार



