Agriculture Minister Raid : जयपुर। किसानों के हितों की रक्षा के लिए राजस्थान सरकार की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने गुरुवार को जयपुर के कानोता क्षेत्र के निकट स्थित हीरावाला रीको औद्योगिक क्षेत्र में एक बायो फर्टिलाइजर फैक्ट्री पर अचानक छापा मारा। मंत्री के पहुंचते ही फैक्ट्री संचालकों और आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में खाद और बीज का स्टॉक मिला, जिसकी विभागीय अधिकारियों द्वारा जांच की जा रही है।

मौके से नमूने एकत्र कर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमों के अनुसार संबंधित फैक्ट्री संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी के दौरान डॉ. मीणा ने स्पष्ट कहा कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि जांच में अनियमितता या नकली उत्पाद पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मंत्री प्रदेशभर में लगातार खाद-बीज की फैक्ट्रियों पर छापा-मारी कर रहे है। इससे पहले उन्होंने सीकर में रीको एरिया स्थित श्री बालाजी एग्रो इंडस्ट्रीज और जोधपुर में तीन अलग-अलग फैक्ट्रियों सहित जोधपुर के बोरानाडा में बालाजी मूंगफली फैक्ट्री का भी निरीक्षण किया था।
सीलबंद कट्टे खुलवाकर उत्पादों की जांच की
कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने फैक्ट्री परिसर का गहन निरीक्षण करते हुए मौके पर रखे कई सीलबंद कट्टों को खुलवाकर उनकी गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने खाद और बीज के नमूनों का परीक्षण कराया तथा अधिकारियों को जांच प्रक्रिया में पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में नकली या निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं होने वाले कृषि उत्पादों के निर्माण और भंडारण की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कृषि मंत्री अधिकारियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच अभियान चलाया।
डॉ. मीणा ने स्पष्ट कहा कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि नकली खाद और बीज का कारोबार करने वालों के खिलाफ सरकार का अभियान लगातार जारी रहेगा तथा जांच में दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



