Thursday, June 11, 2026
HomeUser Interest CategoryEntertainmentमनी लॉन्ड्रिंग मामला: जैकलीन फर्नांडिस के केस से सुप्रीम कोर्ट जज ने...

मनी लॉन्ड्रिंग मामला: जैकलीन फर्नांडिस के केस से सुप्रीम कोर्ट जज ने खुद को किया अलग, बताई ये वजह

Jacqueline Fernandez Money laundering Case: 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस की याचिका पर सुनवाई से जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा ने खुद को अलग कर लिया। उन्होंने बताया कि इस मामले से जुड़े एक संबंधित प्रकरण में उनका पुत्र सरकार की ओर से पेश हो चुका है, इसलिए निष्पक्षता बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया गया। अदालत ने मामले को 25 जून को नई बेंच के समक्ष सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया है।

Jacqueline Fernandez Money laundering Case: बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस को लेकर चल रहे 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया. सुप्रीम कोर्ट के जज जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा ने जैकलीन की उस याचिका की सुनवाई से खुद को अलग कर लिया, जिसमें अभिनेत्री ने दिल्ली की एक अदालत द्वारा आरोप तय करने के आदेश को चुनौती दी है.

जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा ने केस से खुद को किया अलग

मामले की सुनवाई जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस अतुल एस. चांदुरकर की बेंच के समक्ष होनी थी. सुनवाई शुरू होते ही जस्टिस मिश्रा ने जैकलीन फर्नांडिस के वकील और प्रवर्तन निदेशालय (ED) को सूचित किया कि वह इस मामले की सुनवाई नहीं करेंगे और इसे किसी अन्य बेंच के समक्ष सूचीबद्ध किया जाएगा.

फैसले के पीछे बताई ये वजह

जस्टिस मिश्रा ने अपने फैसले का कारण बताते हुए कहा कि इस मामले से जुड़े एक संबंधित प्रकरण में उनके पुत्र सरकार की ओर से पेश हो चुके हैं. ऐसे में निष्पक्षता और न्यायिक मर्यादा बनाए रखने के लिए उन्होंने खुद को सुनवाई से अलग करना उचित समझा. इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि मामले को 25 जून को ऐसी बेंच के समक्ष सूचीबद्ध किया जाए, जिसमें वर्तमान बेंच के दोनों में से कोई एक सदस्य भी शामिल न हो.

कोर्ट ने आरोप तक करने के दिए थे आदेश

गौरतलब है कि दिल्ली की एक अदालत ने 30 मई को अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस, कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर और 15 अन्य आरोपियों के खिलाफ 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोप तय करने का आदेश दिया था. यह मामला लंबे समय से चर्चा में बना हुआ है और प्रवर्तन निदेशालय इसकी जांच कर रहा है.

इससे पहले 3 जून को जैकलीन दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में सामने पेश हुई थीं. सुनवाई के दौरान उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को खारिज करते हुए खुद को निर्दोष बताया था। अभिनेत्री का कहना है कि उनका इस कथित धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले से कोई संबंध नहीं है.

क्या है पूरा मामला?

यह मामला कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़ा है, जिस पर दिल्ली की रोहिणी जेल में रहते हुए करोड़ों रुपये की जबरन वसूली करने का आरोप है. जांच एजेंसियों के अनुसार, सुकेश ने फोर्टिस हेल्थकेयर के पूर्व प्रमोटर शिविंदर सिंह की पत्नी अदिति सिंह से लगभग 200 करोड़ रुपये की उगाही की थी.

प्रवर्तन निदेशालय (ED) का आरोप है कि इस कथित अवैध धन का एक हिस्सा जैकलीन फर्नांडिस और उनके परिवार पर खर्च किया गया. एजेंसी के मुताबिक, सुकेश ने अभिनेत्री को महंगी कारें, लग्जरी बैग, महंगे कपड़े, आभूषण और कई कीमती पालतू जानवर उपहार में दिए थे.

ये भी पढ़ें: वनडे रैंकिंग में भारत की बादशाहत बरकरार, दूसरे नंबर पर न्यूजीलैंड, चौथे नंबर हुआ सबसे बड़ा बदलाव


Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image