Missile Attack on Tanker Oman: ओमान के तट के पास एक वाणिज्यिक तेल टैंकर पर मिसाइल हमले के बाद उसमें सवार 24 भारतीय क्रू सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है. भारतीय तटरक्षक बल (ICG) ने मंगलवार को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि बचाव अभियान ओमान के अधिकारियों के साथ समन्वय में सफलतापूर्वक पूरा किया गया.
जानकारी के अनुसार, पलाऊ के ध्वज वाले तेल टैंकर ‘MT Marivex’ पर 8 जून को ओमान के मसिराह तट के पास मिसाइल हमला हुआ. जहाज पर मौजूद चालक दल के एक सदस्य के परिजन ने इस घटना की सूचना भारतीय तटरक्षक बल के मुंबई स्थित समुद्री बचाव समन्वय केंद्र (MRCC) को दी.
तुरंत शुरू किया गया रेस्क्यू ऑपरेशन
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए MRCC मुंबई ने तत्काल ओमान समुद्री खोज एवं बचाव केंद्र (OMSC) से संपर्क किया और सहायता का अनुरोध किया. इसके बाद ओमान के अधिकारियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पास के एक जहाज को घटनास्थल की ओर मोड़ा और दो बचाव हेलीकॉप्टरों को मौके पर भेजा.
Swift response by #MRCC #Mumbai following missile attack on MT Marivex in #OmanSRR.
— Indian Coast Guard (@IndiaCoastGuard) June 9, 2026
On receiving information, MRCC Mumbai immediately coordinated with OMSC Oman, ensuring the safe rescue of 24 #Indian crew by #Oman Navy helicopters.@IndiaCoastGuard remains steadfast in its… pic.twitter.com/ULDjzgEK4g
बचाव अभियान के दौरान भारतीय और ओमानी एजेंसियों के बीच लगातार संपर्क बना रहा, ताकि चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. बाद में ओमान नौसेना के हेलीकॉप्टरों की मदद से सभी 24 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
भारतीय चालक दल के सभी सदस्यों को सुरक्षित बचाया
भारतीय तटरक्षक बल के अनुसार, बचाए गए सभी भारतीय सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है. टैंकर फिलहाल ओमान के मसिराह तट के पास लंगर डाले हुए है और उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
अंतरराष्ट्रीय समुद्री सहयोग और समन्वय का उदाहरण
आईसीजी ने कहा कि यह सफल अभियान अंतरराष्ट्रीय समुद्री सहयोग और समुद्री सुरक्षा एजेंसियों के बीच मजबूत समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है. संवेदनशील समुद्री क्षेत्र में समय रहते की गई कार्रवाई के कारण सभी भारतीय नागरिकों की जान बचाई जा सकी.
ये भी पढ़ें: स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास अमेरिकी सेना का अपाचे हेलीकॉप्टर क्रैश, दोनों पायलट सुरक्षित, क्या ईरान ने बनाया निशाना



