Tuesday, June 9, 2026
HomeLatest Newsबचपन से टेस्ट क्रिकेट का सपना संजोए थे मानव सुथार, बोले- लाल...

बचपन से टेस्ट क्रिकेट का सपना संजोए थे मानव सुथार, बोले- लाल गेंद के खेल से है गहरा रिश्ता

भारत के युवा स्पिनर मानव सुथार ने कहा कि टेस्ट क्रिकेट उनके लिए खेल का सर्वोच्च प्रारूप है और इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए वह आईपीएल 2026 के दौरान भी लाल गेंद से अभ्यास करते रहे। पदार्पण टेस्ट में सात विकेट लेकर उन्होंने भारत को अफगानिस्तान पर पारी और 300 रन की रिकॉर्ड जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने अपने चयन, डेब्यू और टीम प्रबंधन से मिले समर्थन को बेहद खास बताया।

Manav Suthar 7 Wickets : मुल्लांपुर। भारत के युवा बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार के लिए टेस्ट क्रिकेट खेल का सबसे प्रतिष्ठित और सर्वोच्च प्रारूप है। सुथार ने खुलासा किया कि उन्होंने अपने खेल को निखारने और टेस्ट क्रिकेट के लिए खुद को तैयार रखने के उद्देश्य से आईपीएल 2026 के दौरान भी लाल गेंद से लगातार अभ्यास जारी रखा। उनका मानना है कि टेस्ट क्रिकेट ही किसी खिलाड़ी की असली परीक्षा होती है और इसी प्रारूप में देश का प्रतिनिधित्व करना उनका सबसे बड़ा सपना रहा है। तेइस साल के सुथार ने अपने पहले ही टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए सात विकेट चटकाए जिसमें पहली पारी में 33 रन देकर छह विकेट भी शामिल हैं। उनकी शानदार गेंदबाजी से भारत ने एकमात्र टेस्ट में अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से हराकर अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की।

लाल गेंद का क्रिकेट ही मेरे लिए सब कुछ रहा है : मानव सुथार

सुथार ने ‘जियो हॉटस्टार’ से कहा, जिस दिन से मैंने खेलना शुरू किया और जैसे-जैसे मैं आगे बढ़ा, लाल गेंद का क्रिकेट ही मेरे लिए सब कुछ रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह खेल का सर्वोच्च शिखर है इसलिए चाहे मैं अंडर-19 क्रिकेट खेल रहा था या रणजी ट्रॉफी, मेरा लक्ष्य हमेशा भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलना ही रहा। (पदार्पण के दौरान मिलने वाली) कैप देते समय कुलदीप (यादव) भाई के शब्द बहुत प्रेरणादायक थे। सभी ने मेरा बहुत हौसला बढ़ाया और प्रेरित किया इसलिए यह वाकई बहुत खास लगा।

सुथार ने कहा, ‘‘(मुख्य कोच) गौतम (गंभीर) सर और कप्तान (शुभमन गिल) ने मुझे बताया कि मैं पदार्पण करने जा रहा हूं। यह बेहद गर्व का पल था क्योंकि जब से मैंने खेलना शुरू किया था तब से यह मेरा सपना था, मेरे पिता का सपना था और हर किसी का सपना था कि मैं भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलूं।’’ इस साल आईपीएल में गुजरात टाइटंस के लिए खेलने वाले सुथार ने कहा कि वह टेस्ट क्रिकेट खेलने के मौके के लिए तैयार रहना चाहते थे और लीग के दौरान लाल गेंद से अभ्यास करते रहे। उन्होंने कहा, ‘‘जब टीम में मेरा नाम आया तो मैं आईपीएल के दौरान भी लाल गेंद से अभ्यास कर रहा था और सोच रहा था कि अगर मौका मिला तो मैं कैसे खेलूंगा।’’

सुथार ने कहा, ‘‘यहां (मुल्लांपुर) आने के बाद मैंने तीन या चार लंबे अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया। गेंदबाजी में असली चीज यह नहीं है कि आप कितने घंटे अभ्यास करते हैं। अगर आपको गेंदबाजी में मजा आता है तो आप बिना महसूस किए 20-25 ओवर फेंक सकते हैं इसलिए जरूरी यह है कि आप जितना हो सके गेंदबाजी करते रहें।’’ सुथार ने कहा कि वे स्टॉक गेंद (अधिकतर इस्तेमाल होने वाली गेंद) फेंकते समय पिच से मिल रही मदद के बावजूद जोश में आकर अपना नियंत्रण नहीं खोना चाहते थे।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image