नोएडा। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। सोमवार सुबह उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर-119 स्थित अरण्य सोसाइटी में एक हाईराइज टावर की 22वीं मंजिल पर भीषण आग लग गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, फ्लैट की बालकनी में लगे एयर कंडीशनर (AC) में हुए विस्फोट के बाद आग भड़क गई, जिसने देखते ही देखते पास के एक अन्य फ्लैट को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के दौरान टावर से धुएं का गुबार और आग की ऊंची लपटें उठती देख सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। साथ ही आसपास के फ्लैटों के निवासियों को सुरक्षित बाहर निकालने की अपील की गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। 22वीं मंजिल पर आग लगने के कारण राहत और बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए नोएडा के चीफ फायर ऑफिसर (CFO) और स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंचे। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह एसी में ब्लास्ट बताई जा रही है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। प्रशासन ने लोगों से गर्मी के मौसम में एयर कंडीशनर और अन्य विद्युत उपकरणों की नियमित सर्विसिंग कराने तथा सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है.



