NEET UG 2026: नीट यूजी पेपर लीक मामले में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई की है. केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो(CBI)ने महाराष्ट्र के लातूर शहर में रेणुकाई केमिस्ट्री क्लासेस (RCC) के संस्थापक शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर को गिरफ्तार किया है. यह इस मामले में 10वीं गिरफ्तारी है.
दरअसल, रविवार को एजेंसी द्वारा ली गई तलाशी के दौरान मोटेगांवकर के मोबाइल फोन से मेडिकल प्रवेश परीक्षा का लीक हुआ प्रश्न पत्र मिला. इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. जांच एजेंसी का आरोप है कि मोटेगांवकर नीट यूजी प्रश्नपत्र को लीक करने और उसे फैलाने में शामिल संगठित गिरोह का एक सक्रिय सदस्य था.
परीक्षा से पहले ही मिल गया था प्रश्नपत्र
सीबीआई के मुताबिक, मोटेगांवकर ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर 23 अप्रैल, 2026 को होने वाली नीट यूजी परीक्षा से पहले ही प्रश्न पत्र और उत्तर प्राप्त कर लिए थे. आरोप है कि उसने प्रश्न पत्र कई लोगों तक पहुंचाया. फिलहाल सीबीआई की जांच जारी है. इसकी के साथ ही मामले में और गिरफ्तारियों होने की संभावना भी जताई जा रही है.
मामले में अब तक 10 गिरफ्तारियां
सीबीआई ने NEET पेपर लीक मामले में अब तक शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर समेत 10 लोगों को गिरफ्तार किया है. मोटेगांवकर के अलावा जिन आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, उनमें मनीषा गुरुनाथ मांधरे, प्रो. पी.वी. कुलकर्णी, मांगीलाल बीवाल, विकास बीवाल, दिनेश बीवाल, यश यादव, शुभम खैरनार, मनीषा वाघमारे और धनंजय लोखंडे शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: स्वीडन दौरा खत्म करने के बाद नॉर्वे के लिए रवाना हुए पीएम मोदी, 43 साल में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा



