जयपुर। सीतापुरा स्थित आईओएन डिजिटल जोन में NEET-PG 2026 परीक्षा के दौरान सामने आई तकनीकी अव्यवस्था के बाद प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है। नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज यानी NBEMS ने जयपुर के दो परीक्षा केंद्रों पर प्रभावित उम्मीदवारों की परीक्षा दोबारा कराने का फैसला किया है। अब इन अभ्यर्थियों के लिए 5 सितंबर 2026 को पुनः परीक्षा आयोजित की जाएगी। दरअसल, 30 अगस्त को सीतापुरा स्थित आईओएन डिजिटल जोन में NEET-PG परीक्षा आयोजित होनी थी। परीक्षा सुबह 9 बजे शुरू होकर दोपहर 12:30 बजे तक चलनी थी। अभ्यर्थी समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंच गए थे और परीक्षा शुरू होने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान केंद्र की आंतरिक बिजली आपूर्ति में समस्या आ गई।
यह खबर भी पढ़ें:-नागौर में प्यार का खौफनाक अंत! प्रेमिका ने भाई संग मिलकर प्रेमी को उतारा मौत के घाट
बिजली गुल होने से कंप्यूटर सिस्टम हुए बंद
बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण परीक्षा केंद्र में लगे कंप्यूटर सिस्टम बंद हो गए। सिस्टम को दोबारा शुरू करने की कोशिश की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं होने से परीक्षा निर्धारित समय पर आगे नहीं बढ़ सकी। काफी देर तक परीक्षा शुरू नहीं होने पर केंद्र के बाहर अभ्यर्थियों और उनके परिजनों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति को लेकर अभ्यर्थियों में नाराजगी देखने को मिली। परीक्षा में आई इस बाधा के कारण कई उम्मीदवारों की चिंता बढ़ गई, क्योंकि NEET-PG जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा के लिए अभ्यर्थी देश के अलग-अलग हिस्सों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचे थे।
इन दो सेंटरों पर फिर होगी परीक्षा
NBEMS के मुताबिक, जयपुर के iON Digital Zone IDZ Sitapura के TC नंबर 41682 और 41683 पर आंतरिक बिजली आपूर्ति की समस्या के कारण परीक्षा पूरी नहीं हो सकी। बोर्ड ने प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए 5 सितंबर 2026, शनिवार को दोपहर 3 बजे जयपुर में पुनः परीक्षा कराने का निर्णय लिया है। हालांकि, दोबारा परीक्षा के लिए केंद्र की विस्तृत जानकारी बाद में जारी की जाएगी।
प्रभावित अभ्यर्थियों को नई परीक्षा के लिए संशोधित एडमिट कार्ड भी जारी किए जाएंगे। NBEMS ने परीक्षा में आई असुविधा के लिए प्रभावित उम्मीदवारों से खेद भी जताया है।
यह खबर भी पढ़ें:-धौलपुर में दर्दनाक हादसा: भाई को बचाने कूदीं 3 बहनें, चारों की डूबने से मौत
कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
जयपुर में NEET-PG परीक्षा के दौरान हुई अव्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने केंद्र की भाजपा सरकार पर हमला बोला। कांग्रेस ने सोशल मीडिया मंच X पर पोस्ट करते हुए परीक्षा में देरी को लेकर सरकार की व्यवस्था पर सवाल उठाए और अभ्यर्थियों तथा उनके परिजनों को हुई परेशानी के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
देशभर में 2.73 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी पंजीकृत
NBEMS के अनुसार, 30 अगस्त को देशभर में NEET-PG 2026 परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा के लिए 2,73,096 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इसके लिए देशभर में 1,111 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, इनमें से 2,65,980 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि करीब 2,63,535 अभ्यर्थियों की परीक्षा पूरी हो सकी।
जयपुर के दो केंद्रों पर तकनीकी समस्या के कारण प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए अब 5 सितंबर को दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी। ऐसे में संबंधित उम्मीदवारों को संशोधित एडमिट कार्ड और परीक्षा केंद्र से जुड़ी नई जानकारी का इंतजार रहेगा।



