Rajasthan Vidhan Sabha News : जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से बुधवार को हरियाणा विधानसभा की जन स्वास्थ्य, सिंचाई, बिजली और लोक निर्माण समिति ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विधानसभा की कार्यप्रणाली और संसदीय प्रक्रियाओं पर चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने राजस्थान विधानसभा की आधुनिक व्यवस्थाओं और नवाचारों की भी सराहना की।
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने हरियाणा विधान सभा के उपाध्यक्ष एवं समिति के सभापति डॉ. कृष्ण लाल मिढ्ढा का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा उन्हें राजस्थान विधानसभा के लोगो की प्रतिकृति स्मृति-स्वरूप भेंट की। देवनानी और मिढ्ढा सहित समिति के सदस्यों की विधान सभा की कार्यवाही, स्थगन, विशेष उल्लेख प्रस्ताव, प्रश्नकाल के सम्बन्ध में विस्तृत चर्चा हुई।

हरियाणा विधान सभा की जन स्वास्थ्य, सिंचाई, बिजली और लोक निर्माण (भवन एवं सडके) समिति ने राजस्थान विधानसभा के सदन, भवन तथा राजनैतिक आख्यान संग्रहालय का अवलोकन किया। समिति ने विधानसभा भवन की आधुनिक व्यवस्थाओं, सदन की कार्यप्रणाली तथा आख्यान संग्रहालय में संजोई गई राजस्थान की लोकतांत्रिक एवं संसदीय विरासत का अवलोकन किया। उन्होंने राजस्थान विधानसभा में अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के नेतृत्व में किए गए नवाचारों की सराहना करते हुए उन्हें अन्य विधानमंडलों के लिए भी अनुकरणीय बताया।
इस मौके पर हरियाणा विधान सभा समिति के सदस्य नरेश सेलवाल, कपूर सिंह, सतीश कुमार फगाना और मोहम्मद इसराइल मौजूद थे।



