Monday, May 18, 2026
HomeUser Interest CategoryBusinessशेयर बाजार में डर और खरीदारी का खेल, भारी गिरावट के बाद...

शेयर बाजार में डर और खरीदारी का खेल, भारी गिरावट के बाद सेंसेक्स मामूली बढ़त के साथ बंद

भारतीय शेयर बाजार सोमवार को भारी उतार-चढ़ाव के बाद मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स 77 अंक चढ़कर 75,315 पर और निफ्टी 6 अंक बढ़कर 23,649 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान बाजार में बड़ी गिरावट देखी गई, लेकिन आईटी और बैंकिंग शेयरों में खरीदारी से रिकवरी आई। पश्चिम एशिया तनाव, महंगे कच्चे तेल और कमजोर रुपये ने बाजार पर दबाव बनाए रखा। टेक महिंद्रा, इन्फोसिस और टीसीएस के शेयरों में तेजी रही।

Share Marekt Update News : मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को दिनभर जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला, लेकिन कारोबार के अंत में बाजार मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ। शुरुआती कारोबार में भारी बिकवाली के चलते निवेशकों में घबराहट का माहौल दिखा, हालांकि बाद में आईटी और चुनिंदा दिग्गज कंपनियों के शेयरों में खरीदारी लौटने से बाजार ने शानदार रिकवरी की। बीएसई का 30 शेयरों वाला प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 77.05 अंक यानी 0.10 फीसदी की बढ़त के साथ 75,315.04 अंक पर बंद हुआ। हालांकि कारोबार के दौरान एक समय सेंसेक्स में बड़ी गिरावट दर्ज की गई और यह 1,134.78 अंक टूटकर 74,180.26 तक पहुंच गया था।

इन कंपनियों के शेयरों में आई तेजी और गिरावट

वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 6.45 अंक यानी 0.03 प्रतिशत की हल्की बढ़त के साथ 23,649.95 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की कंपनियों में टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, भारती एयरटेल, बजाज फिनसर्व, सन फार्मा, एचसीएल टेक, बजाज फाइनेंस और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के शेयर प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी ओर टाटा स्टील, पावरग्रिड, भारतीय स्टेट बैंक और एनटीपीसी के शेयरों में गिरावट रही। वैश्विक भू-राजनीतक तनाव बढ़ने से अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.73 प्रतिशत बढ़कर 110.1 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘अमेरिका और ईरान के बीच गतिरोध बने रहने से बाजार की धारणा प्रभावित हो रही है। हालांकि, आईटी और बैंकिंग शेयरों में निचले स्तर पर खरीदारी आने से बाजार ने सत्र के दौरान हुए नुकसान की भरपाई कर ली।’’ नायर ने कहा कि बॉन्ड प्रतिफल बढ़ने, कच्चे तेल की कीमत में तेजी और कमजोर रुपया महंगाई को लेकर चिंता बढ़ा रहे हैं। लाइवलॉन्ग वेल्थ के संस्थापक एवं शोध विश्लेषक हरिप्रसाद के. ने कहा, ‘‘शुरुआती कमजोरी के बाद निवेशकों ने चुनिंदा शेयरों में खरीदारी की, जिससे बाजार में तेजी से सुधार देखा गया। अनिश्चित वैश्विक माहौल में आईटी क्षेत्र एक सुरक्षात्मक विकल्प के रूप में उभर रहा है।’’

एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में रहे, जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी बढ़त में बंद हुआ। यूरोपीय बाजार दोपहर के सत्र में मिले-जुले रुख के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को एक प्रतिशत से अधिक गिरावट के साथ बंद हुए थे। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 1,329.17 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे। शुक्रवार को सेंसेक्स 160.73 अंक गिरकर 75,237.99 अंक और निफ्टी 46.10 अंक के नुकसान के साथ 23,643.50 अंक पर बंद हुआ था।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular