Kane Williamson Retirement: न्यूजीलैंड क्रिकेट के महानतम खिलाड़ियों में शुमार केन विलियमसन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है. लगभग 16 वर्षों तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी बल्लेबाजी, नेतृत्व क्षमता और खेल भावना से दुनिया भर के क्रिकेट प्रशंसकों का दिल जीतने वाले विलियमसन के इस फैसले के साथ न्यूजीलैंड क्रिकेट के एक स्वर्णिम अध्याय का अंत हो गया है.
35 वर्षीय विलियमसन ने शुक्रवार को अपने संन्यास की घोषणा करते हुए कहा कि उन्होंने इस फैसले पर काफी समय तक विचार किया और अब उन्हें लगा कि यही सही समय है. न्यूजीलैंड के लिए खेलना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है. हर बार मैदान पर उतरते समय मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश की. मुझे लगा कि अब इस सफर को सम्मानजनक तरीके से विराम देने का समय आ गया है.’
विलियमसन का करियर
विलियमसन ने अपने शानदार करियर में न्यूजीलैंड के लिए कुल 378 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले और तीनों प्रारूपों में 19,346 रन बनाए. टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 9,500 से अधिक रन बनाए, जिसमें 33 शतक और 6 दोहरे शतक शामिल हैं. उनकी तकनीक, धैर्य और शांत स्वभाव ने उन्हें आधुनिक क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल किया.
"It's a team I love and it's so dear to my heart"
— BLACKCAPS (@BLACKCAPS) June 12, 2026
Thank you for the memories, Kane 🖤🤍 pic.twitter.com/u1qBOMEfzy
कई उपलब्धियों से भरा रहा सफर
कप्तान के रूप में भी उनका योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा. उनकी अगुवाई में न्यूजीलैंड ने 2 बार आईसीसी वनडे विश्व कप फाइनल खेला और 3 बार सेमीफाइनल तक का सफर तय किया. वर्ष 2021 में उनकी कप्तानी में न्यूजीलैंड ने पहली बार आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब जीतकर इतिहास रचा था. व्यक्तिगत उपलब्धियों की बात करें तो विलियमसन को 2015 में आईसीसी क्रिकेटर ऑफ द ईयर और 2019 में आईसीसी टेस्ट क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुना गया था. वह पहले ही 2025 में टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके थे.
फेयरवेल स्पीच में कही ये बात
अपने विदाई संदेश में विलियमसन ने कहा कि’अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का सफर बचपन के एक सपने से शुरू हुआ था, जो बाद में जीवनभर की प्रतिबद्धता बन गया. उन्होंने कहा कि उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि व्यक्तिगत रिकॉर्ड नहीं, बल्कि न्यूजीलैंड क्रिकेट को लगातार आगे बढ़ते देखना है. भविष्य की योजनाओं के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि अब वह अपने परिवार के साथ अधिक समय बिताना चाहते हैं. उन्होंने कहा, ‘ फिलहाल मैं परिवार के साथ समय बिताने पर ध्यान दूंगा. उसके बाद देखेंगे कि आगे क्या करना है.’
ये भी पढ़ें: केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले का दावा, बोले-‘अगला लोकसभा चुनाव NDA जीतेगा, मोदी 2029 तक रहेंगे पीएम’



