Ramdas Athawale Jaipur Visit: केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास अठावले जयपुर दौरे पर हैं. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि मोदी वर्ष 2029 तक प्रधानमंत्री बने रहेंगे और आगामी लोकसभा चुनाव में भी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ही जीत हासिल करेगा.
‘मोदी के नेतृत्व में देश ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की’
जयपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए अठावले ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पीएम पद पर लगातार 12 वर्ष पूरे कर लिए हैं और सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने के मामले में उन्होंने जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है. उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है और जनता का विश्वास आज भी एनडीए के साथ बना हुआ है.
EWS आरक्षण में आय सीमा बढ़ाने पर विचार
कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा बार-बार OBC आबादी से जुड़ा मुद्दा उठाए जाने पर अठावले ने कहा कि जब कांग्रेस लंबे समय तक सत्ता में थी, तब उसने पिछड़े वर्गों के लिए आवश्यक कदम क्यों नहीं उठाए. आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों (EWS) को 10 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय क्रांतिकारी रहा है. उन्होंने बताया कि वर्तमान में ओबीसी वर्ग को 8 लाख तक की वार्षिक आय पर आरक्षण का फायदा मिल रहा है. लेकिन इसे बढ़ाकर 12 से 15 लाख रुपये करने की मांग पर सरकार विचार कर रही है.
ईंधन और वैश्विक परिस्थितियों पर कही ये बात
ईंधन संकट और वैश्विक परिस्थितियों पर बोलते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अमेरिका-ईरान तनाव और युद्ध जैसी स्थितियों के कारण दुनियाभर में पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति प्रभावित हुई है. इसका असर भारत पर भी पड़ा है, हालांकि सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. ईंधन की किल्लत के कारण उज्ज्वला योजना में सब्सिडी वाले गैस सिलेंडर की संख्या कम हो गई है, लेकिन जब हालात सामन्य होंगे तो फिर से इसकी समीक्षा की जाएगी.
मीनाक्षी नटराजन के नामांकन खारिज होने पर कही ये बात
मध्य प्रदेश राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के मामले पर अठावले ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में नियम सभी के लिए समान हैं. उन्होंने कहा कि यदि किसी उम्मीदवार के दस्तावेज अधूरे होंगे तो उसका नामांकन खारिज होना स्वाभाविक है, चाहे वह किसी भी दल का प्रत्याशी क्यों न हो.



