Jammu Kashmir Rajouri Flood: जम्मू कश्मीर के राजौरी में बारिश का कहर देखने को मिला है. जहां रातभर हुई मूसलाधार बारिश के बाद रविवार सुबह अचानक बाढ़ आ गई जिसके बाद सैकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. अधिकारियों के मुताबिक, बाढ़ का पानी निचले इलाकों और नए बस अड्डे में भर गया. साथ ही नदियों के उफान पर आने और तटबंधों के टूटने से करीब 200 से 250 गाड़ियां पानी में बह गई. बचाव एवं राहत दल स्थानीय प्रशासन की सहायता से प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और नुकसान का आकलन करने में जुटा है. उधर, पुंछ में रातभर हुई भारी बारिश के कारण 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लापता हैं.
#WATCH | J&K | Another local resident says, "There has been significant damage—approximately 200 to 250 cars are missing. This happened around 3 AM… There is absolutely no trace left of the bus stand…" https://t.co/qTvIkd7xBc pic.twitter.com/aeMDiHv01t
— ANI (@ANI) July 19, 2026
सभी प्रमुख नदियां उफान पर
अधिकारियों के अनुसार दरहाली, खांडली, सुकतोह और जमोला सहित राजौरी की सभी प्रमुख नदियों में बाढ़ आ गई. इनमें से अधिकांश नदियां खतरे के निशान के करीब या उससे ऊपर बह रही हैं और कई निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं. उन्होंने बताया कि दरहाली नदी ने बेला कॉलोनी के पास बाढ़ सुरक्षा दीवार को तोड़ दिया, जिससे बाढ़ का पानी नए बस अड्डे में घुस गया और वहां खड़े कई वाहन बह गए या डूब गए.
50 से अधिक परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया
अब्दुल्ला ब्रिज के पास स्थित झुग्गी बस्ती भी बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुई, जहां पानी घरों में घुस जाने के कारण 50 से अधिक परिवारों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा. वहीं तारिक ब्रिज के पास का इलाका भी जलमग्न हो गया, जिसके बाद पुलिस ने लोगों को नदी किनारे और निचले क्षेत्रों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया.
#WATCH राजौरी(जम्मू-कश्मीर): भारी बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ गाड़ियों को बहा ले गई। pic.twitter.com/aKqAX0qnAy
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 19, 2026
प्रशासन की पहली प्राथमिकता जनहानि रोकना
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि, ‘हमारी टीमें लगभग हर सूचना पर तुरंत कार्रवाई कर रही हैं. फिलहाल हमारी प्राथमिकता किसी भी तरह की जनहानि को रोकना है. संपत्ति को काफी नुकसान हुआ है, लेकिन वास्तविक नुकसान का आकलन पानी का स्तर कम होने के बाद ही किया जा सकेगा.’
पुलिस की टीमें संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त कर रही हैं और नदी किनारे तथा निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील कर रही हैं. जिला प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने का परामर्श जारी किया है, जबकि पुलिस ने स्थिति पर नजर रखने और प्रभावितों की मदद के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किए हैं.
पार्टी का कार्यक्रम छोड़ वापस लौटे विधायक
राजौरी के विधायक इफ्तिखार अहमद रविवार को जम्मू में लोक भवन के बाहर राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर अपनी पार्टी के प्रदर्शन में शामिल होने वाले थे, लेकिन बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए वह अपना कार्यक्रम छोड़कर राजौरी लौट आए. उन्होंने कहा, ‘मैं अपने लोगों के साथ खड़े रहने के लिए पार्टी का कार्यक्रम छोड़कर वापस आया हूं. बाढ़ के कारण सार्वजनिक और निजी संपत्ति को भारी नुकसान हुआ है.’उन्होंने जिला प्रशासन से प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल राहत और पुनर्वास कार्य शुरू करने की अपील की.
सीएम उमर अब्दुल्ला ने जताई चिंता
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोशल प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा-आज सुबह पहली रोशनी से ही मैं जम्मू के कुछ हिस्सों, खासकर राजौरी शहर और आस-पास के इलाकों में बहुत ज़्यादा भारी बारिश से पैदा हुए हालात पर करीब से नज़र रख रहा हूं. मैं इलाके के लोकल MLA के लगातार संपर्क में हूं. इन बिगड़े हालातों में प्रशासन की पहली प्राथमिकता लोगों की जाने बचाना है. सरकार उन लोगों की मदद करने के लिए हर मुमकिन कोशिश करेगी जिन्हें बारिश और अचानक आई बाढ़ की वजह से प्रॉपर्टी का नुकसान हुआ है.
Since first light this morning I’ve been closely monitoring the situation arising from the extremely heavy rain in parts of Jammu, especially Rajouri town & surrounding areas. I’ve been in touch with the local MLAs of the region. While the situation continues to unfold the first…
— Omar Abdullah (@OmarAbdullah) July 19, 2026
23 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट
IMD ने 23 जुलाई तक जम्मू-कश्मीर में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है. लगातार हो रही बारिश के कारण राजौरी जिले की नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे आने वाले दिनों में भी स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी रह सकती है.



