जयपुर के श्याम नगर इलाके में हॉस्पिटैलिटी बिजनेस में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी देने का झांसा देकर करीब 35 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने कई लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस के मुताबिक, श्याम नगर के बाहुबली पथ निवासी उदित गौर ने शिकायत में अनिल कॉल, आभा, आदित्य, अरुण, दीक्ष समेत अन्य लोगों पर आरोप लगाए हैं। शिकायत के अनुसार, वर्ष 2021 में ‘एके हॉस्पिटैलिटी’ बिजनेस में निवेश के नाम पर पीड़ित को 50 प्रतिशत पार्टनर बनाने और मुनाफे में हिस्सेदारी देने का भरोसा दिलाया गया।
आरोप है कि 2021 से 2023 के बीच पीड़ित से 30.31 लाख रुपये बैंक खातों के जरिए और 4.50 लाख रुपये नकद लिए गए। लेकिन बाद में न तो पार्टनरशिप से जुड़े दस्तावेज दिए गए और न ही मुनाफे में हिस्सेदारी मिली।
पीड़ित के रकम वापस मांगने पर आरोपियों द्वारा कथित तौर पर धमकी देने का भी आरोप है। इसके बाद श्याम नगर थाने में मामला दर्ज कराया गया। पुलिस ने FIR दर्ज कर लेन-देन और दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है।



