PM Modi Italy Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के अंतिम चरण में इटली पहुंच गए हैं। रोम पहुंचने पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया. इस दौरान इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया पर पीएम मोदी के साथ एक सेल्फी शेयर कर उनका स्वागत किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गई.
‘रोम में आपका स्वागत है मेरे दोस्त’
जॉर्जिया मेलोनी ने फोटो पोस्ट करते हुए लिखा, “रोम में आपका स्वागत है मेरे दोस्त।” इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर दोनों नेताओं की दोस्ती और भारत-इटली संबंधों को लेकर खूब चर्चा हो रही है. यह पहला मौका नहीं है जब पीएम मोदी और जॉर्जिया मेलोनी की केमिस्ट्री चर्चा में आई हो. हालांकि इस बार की सेल्फी खास मानी जा रही है, क्योंकि तस्वीर में दोनों नेताओं के चेहरे पर दिखाई दे रही मुस्कान भारत और इटली के मजबूत होते रिश्तों की झलक देती है.
Welcome to Rome, my friend! 🇮🇹🇮🇳 pic.twitter.com/mUjFL4HIqY
— Giorgia Meloni (@GiorgiaMeloni) May 19, 2026
भारतीय समुदाय ने किया गर्मजोशी से स्वागत
रोम पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करने के लिए इटली के विदेश मंत्री एयरपोर्ट पहुंचे थे। वहीं होटल पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने भी उनका जोरदार स्वागत किया। बड़ी संख्या में भारतीय तिरंगा लेकर होटल पहुंचे और ‘मोदी-मोदी’ के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लोगों से गर्मजोशी से मुलाकात की. उन्होंने लोगों से हाथ मिलाया, बच्चों को ऑटोग्राफ दिए और भारतीय समुदाय का अभिवादन किया. इस दौरान भारतीय और इटली के कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य और शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति दी, जिसका प्रधानमंत्री ने आनंद लिया और कलाकारों की सराहना भी की.
पीएम मोदी ने सोशल प्लेटफॉर्म पर कही ये बात
इटली पहुंचे पर पीएम मोदी ने सोशल प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- ‘मैं इटली के रोम शहर में उतर चुका हूं. मैं राष्ट्रपति सर्जियो मट्टरेल्ला और प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श करूंगा.’ उन्होंने लिखा, ‘इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत-इटली सहयोग को बढ़ावा देना है, जिसमें विशेष रूप से भारत-पश्चिम एशिया-यूरोप आर्थिक गलियारे (IMEC) पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा. संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025-2029 की भी समीक्षा की जाएगी. मैं खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) के मुख्यालय का भी दौरा करूंगा और बहुपक्षवाद के साथ-साथ वैश्विक खाद्य सुरक्षा के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को मजबूत करूंगा.’



