Indian Sailors Death in US Attack: ओमान के तट के पास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज क्षेत्र में अमेरिका ने तेल टैंकर MT सेट्टेबेलो पर हमला कर दिया. इसमें 3 भारतीय नाविकों की मौत हो गई. केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने इसकी पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि शव बरामद कि जा चुके है. इस घटना ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं.
तीनों भारतीय नागरिकों के शव बरामद
सोनोवाल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि पलाऊ के ध्वज वाले एमटी सेट्टेबेलो जहाज पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ है. उन्होंने कहा, ‘‘दुर्भाग्यवश, जिन 3 भारतीय नाविकों को पहले लापता बताया गया था, उनके शव अब बरामद कर लिए गए हैं और उनकी पहचान कर ली गई है.
It is deeply unfortunate to learn of the tragic incident aboard the Palau-flagged MT Settebello. Sadly, three Indian seafarers initially reported missing are now confirmed dead after bodies have been located and identified.
— Sarbananda Sonowal (@sarbanandsonwal) June 11, 2026
This is a profound loss to our maritime family. The…
मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता की कही बात
उन्होंने आगे कहा ‘यह ‘‘हमारे समुद्री परिवार के लिए गहरा आघात और अपूरणीय क्षति’’ है. इस कठिन समय में मोदी सरकार शोक संतप्त परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.’
सोनोवाल ने बताया कि उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बचाए गए चालक दल के सदस्यों को तत्काल भारत वापस लाने और नाविकों के शवों को अंतिम संस्कार के लिए शीघ्र स्वदेश लाने की व्यवस्था की जाए.
मनोज यादव ने लगाया बड़ा आरोप
फॉरवर्ड सीमेन यूनियन ऑफ इंडिया (FSUI) के महासचिव मनोज यादव ने बताया कि तीनों भारतीय अलग-अलग राज्यों से थे. इनमें एक हिमाचल प्रदेश, दूसरा उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले और तीसरा आंध्र प्रदेश का निवासी था. उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिकी नौसेना को जहाज पर मौजूद चालक दल की राष्ट्रीयता की पूरी जानकारी थी. उनका कहना था कि यदि जहाज ने किसी निर्देश का पालन नहीं किया था, तो उसे रोककर जांच की जा सकती थी, लेकिन सीधे हमला करना उचित नहीं था.
अमेरिकी मिसाइल हमले के बाद लगी आग
जानकारी के अनुसार यह घटना बुधवार को ओमान के तट के निकट हुई. पालाऊ के झंडे वाला तेल टैंकर ‘सेट्टेबेलो’ स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास से गुजर रहा था. जहाज पर कुल 28 चालक दल के सदस्य सवार थे, जिनमें 24 भारतीय नागरिक शामिल थे. बताया जा रहा है कि अमेरिकी नौसेना द्वारा दागी गई मिसाइल जहाज के इंजन कक्ष में जा लगी, जिससे वहां भीषण आग लग गई. इस हमले में तीन भारतीयों की मौत हो चुकी है. भारत सरकार ने इस घटना पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए इसकी कड़ी निंदा की है.
भारत ने दोनों पक्षों से की संयम बरतने की अपील
विदेश मंत्रालय ने कहा कि पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव और समुद्री जहाजों पर हमले वैश्विक व्यापार एवं समुद्री सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं. भारत ने सभी पक्षों से संयम बरतने, तनाव कम करने और बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने की अपील की है. साथ ही अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर सुरक्षित एवं निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया है.
भारत ने अमेरिकी राजदूत को किया तलब
घटना के विरोध में विदेश मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव नागराज नायडू ने भारत में अमेरिकी प्रभारी राजदूत जेसन मीक्स को तलब कर भारत की आपत्ति दर्ज कराई. इस घटनाक्रम के बाद भारत-अमेरिका संबंधों और क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर नई बहस शुरू हो गई है.



