IPL 2026 Playoff Scenario: ईशान किशन के 70 रन और पैट कमिंस के 3 विकेट की बदौलत से सनराइजर्स हैदराबाद ने सोमवार को चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से शिकस्त देकर IPL 2026 में प्लेआफ में जगह पक्की कर ली. जीत के लिए 181 रन का लक्ष्य चेपॉक की धीमी विकेट पर आसान नहीं था. ईशान ने हालांकि 47 गेंद की अपनी पारी में 7 चौके और 3 छक्के लगाकर इसे आसान बना दिया. हेनरिच क्लासेन ने 26 गेंद में 47 रन बनाए और दोनों ने तीसरे विकेट के लिये 75 रन की साझेदारी करके हैदराबाद को 19 ओवर में 5 विकेट पर 181 रन तक पहुंचाकर जीत दिला दी.

प्लेऑफ में कौन- कौनसी टीम पहुंची
सनराइजर्स के अब 16 अंक है और उसे एक मैच और खेलना है. चेन्नई की हार के बाद गुजरात टाइटंस (16 अंक) भी प्लेआफ में पहुंच गई है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (18 अंक) पहले ही प्लेआफ में पहुंच चुकी है और अब बस एक स्थान के लिए मुकाबला है. चेन्नई के 13 मैचों में 12 अंक है और वह दौड़ से पूरी तरह बाहर नहीं हुई है.

सनराइजर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रह. ट्रेविस हेड जल्दी आउट हो गए. अभिषेक शर्मा भी 21 गेंद में 26 रन ही बना सके. पावरप्ले में स्कोर 1 विकेट पर 45 रन था. क्लासेन को नूर अहमद की गेंद पर 18 के स्कोर पर स्पेंसर जॉनसन ने जीवनदान दिया. इसके बाद क्लासेन और ईशान ने मैच का नक्शा ही बदल दिया. दोनों ने चेन्नई के स्पिनरों अकील हुसैन और नूर को सहजता से खेला. ईशान ने 37 गेंद में 50 रन पूरे किए. वहीं नूर गेंद पर संजू सैमसन की कुशल स्टम्पिंग का शिकार होकर क्लासेन आउट हो गए. ईशान को अंशुल कम्बोज ने आउट किया लेकिन उस समय सनराइजर्स को जीत के लिये 6 रन की ही जरूरत थी.
कमिंस ने अनुशासित गेंदबाजी करते हुए लिए 3 विकेट
इससे पहले कमिंस ने अनुशासित गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स ने 7 विकेट पर 180 रन बना लिए. हैदराबाद के कप्तान कमिंस ने 28 रन देकर तीन विकेट चटकाए. सैमसन ने टीम को शानदार शुरूआत देते हुए पहले ओवर में नीतिश कुमार रेड्डी को दो चौके और एक छक्का लगाकर 17 रन निकाले. प्रफुल्ल हिंग्से को अगले ओवर में उन्होंने लगातार तीन चौके जड़े. कमिंस तीसरे ओवर में गेंदबाजी के लिये आये और सैमसन को विकेट के पीछे ईशान किशन के हाथों लपकवाया. उर्विल पटेल ने कमिंस को दो छक्के लगाए लेकिन साकिब हुसैन की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे. चेन्नई के कप्तान रूतुराज गायकवाड़ ने कार्तिक शर्मा (19 गेंद में 32 रन ) के साथ तीसरे विकेट के लिये 42 रन जोड़े. कार्तिक ने कुछ परिपक्व शॉट्स लगाये जिनमें हिंगे को छक्का और स्पिनर शिवांग कुमार को लगाया छक्का शामिल है. कमिंस ने उन्हें आफ स्टम्प के बाहर जाती गेंद पर ललचाया और अपर कट लगाकर वह डीप में नीतिश को कैच दे बैठे.

कमिंस की बाउंसर पर चकमा खा गए गायकवाड़
इसके बाद गायकवाड़ भी छाती तक आते कमिंस के बाउंसर पर चकमा खा गए और 21 गेंद में 15 रन बनाकर डीप में एशान मलिंगा को कैच देकर लौटे. डेवाल्ड ब्रेविस (27 गेंद में 44) और शिवम दुबे (26) ने पांचवें विकेट के लिए 59 रन जोड़कर चेन्नई को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया. इस सत्र में लय पाने के लिए जूझ रहे ब्रेविस ने कमिंस को छक्का और नीतिश को एक छक्का और चौका लगाया. यह इस सत्र का उनका सर्वोच्च स्कोर है. मलिंगा ने 141 किमी की रफ्तार वाली गेंद पर उनका विकेट चटकाया.
ये भी पढ़ें: ट्रंप ने ईरान पर हमले की योजना टाली, साथ ही दे डाली चेतावनी, कहा-‘समझौता नहीं हुआ तो बड़े पैमाने पर हमला करेंगे’



