Thursday, July 9, 2026
HomeLatest Newsइंग्लैंड के खिलाफ सीरीज बचाने उतरेगा भारत, प्लेइंग इलेवन से लेकर कप्तानी...

इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज बचाने उतरेगा भारत, प्लेइंग इलेवन से लेकर कप्तानी तक हर फैसला होगा अहम

लगातार दो हार के बाद श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम गुरुवार को इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टी20 में सीरीज बचाने के इरादे से उतरेगी। 0-2 से पिछड़ी टीम के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा है। मुश्किल हालात में जूझ रही टीम इंडिया के सामने सही प्लेइंग इलेवन चुनना सबसे बड़ी चुनौती बन गया है।

IND vs ENG 4th T20 : ब्रिस्टल। ललगातार दो हार के बाद श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम गुरुवार को इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टी20 में सीरीज बचाने के इरादे से उतरेगी। 0-2 से पिछड़ी टीम के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा है। मुश्किल हालात में जूझ रही टीम इंडिया के सामने सही प्लेइंग इलेवन चुनना सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। टीम चयन को लेकर सबसे बड़ा सवाल संजू सैमसन को लेकर है। उन्हें दूसरे और तीसरे टी20 से बाहर कर 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया गया था। इस युवा खिलाड़ी का प्रदर्शन अब तक टीम के बाकी खिलाड़ियों से न तो खराब रहा है और न ही बहुत अच्छा। चूंकि टीम अभी 0-2 से पीछे चल रही है इसलिए भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने सैमसन की वापसी की संभावना से इनकार नहीं किया है।

संजू का करियर पिछले चार महीनों में काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। एक समय वह टीम से बाहर थे, फिर शानदार प्रदर्शन कर टीम में लौटे, लेकिन अब फिर उन्हें बाहर बैठना पड़ा है। टीम के खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी सिर्फ कप्तान श्रेयस अय्यर पर नहीं है जो अपनी वापसी करने वाली श्रृंखला में अचानक कप्तान बनाए जाने के बाद अपनी पहली जीत की तलाश में हैं। बल्कि कोच गौतम गंभीर और अजीत अगरकर की चयन समिति पर भी बड़ी जिम्मेदारी है। टीम प्रबंधन की रणनीतियों की भी आलोचना हो रही है। यह देखना होगा कि क्या वे एक और सीरीज हारने की शर्मिंदगी से बच पाते हैं या नहीं।

तीसरे टी20 में 125 रन की करारी हार के बाद ट्रेंट ब्रिज स्टेडियम के बाहर प्रशंसकों ने ‘वी वांट संजू’ (हमें संजू टीम में चाहिए) के नारे लगाए। टी20 विश्व कप दिलाने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव को बाहर करने पर भारी आलोचना हुई थी। अब उसी टूर्नामेंट के नायक सैमसन को नजरअंदाज करने के फैसले ने एक और सार्वजनिक विरोध को हवा दे दी है। ट्रेंट ब्रिज में शर्मनाक हार ने टीम की कमियों और टीम प्रबंधन की स्पष्ट योजना की कमी को भी उजागर कर दिया है। जोफ्रा आर्चर और जोश टंग की तेज और आक्रामक गेंदबाजी के सामने भारतीय बल्लेबाज बुरी तरह फ्लॉप रहे। इन दोनों ने मिलकर सात विकेट लिए जिनमें शीर्ष पांच बल्लेबाज भी शामिल थे।

अब सलामी बल्लेबाजी जोड़ी को छेड़े बिना सैमसन को टीम में शामिल करने और सूर्यवंशी को बिना किसी दबाव के अपना हुनर ​​दिखाने का मौका देने के लिए मध्यक्रम में बदलाव करना पड़ सकता है। विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन की जगह पक्की मानी जा रही है क्योंकि प्रबंधन को उनकी विकेटकीपिंग और बल्लेबाजी शैली पर भरोसा है, लेकिन उप-कप्तान तिलक वर्मा की जगह पर सवाल उठ सकते हैं।

आयरलैंड के खिलाफ 55 रन की एक पारी (जो टीम को एक रन की हार से नहीं बचा सकी) को छोड़कर वह लगातार असफल रहे हैं। इंग्लैंड में खेले गए मैच में वह अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाए और 13, 24 (नाबाद) और तीन रन ही बना सके। अब देखना यह है कि क्या भारत अपनी किस्मत को बदलने के लिए बदले हुए बल्लेबाजी क्रम के साथ सैमसन पर भरोसा करेगा। बुधवार को एक और हैरान करने वाली रणनीतिक गलती देखने को मिली, जब पावरप्ले के दौरान तय ‘फिनिशर’ शिवम दुबे से पहले हर्षित राणा को बल्लेबाजी के लिए भेजा गया। इस मैच में भारत की पूरी टीम सिर्फ 76 रन पर सिमट गई थी।

अगर बल्लेबाजी में काफी सुधार की दरकार है तो गेंदबाजी विभाग विशेषकर स्पिनरों का हाल भी कुछ अलग नहीं है। ‘मिस्ट्री स्पिनर’ वरुण चक्रवर्ती बहुत निराशाजनक रहे हैं और पूरी सीरीज में सात ओवर फेंककर सिर्फ एक विकेट ले पाए हैं। इसके उलट हैरी ब्रूक की कप्तानी वाली इंग्लैंड टीम को ऐसी कोई चिंता नहीं है। टीम शानदार फॉर्म में चल रहे तूफानी सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट के दम पर आत्मविश्वास के साथ इस मुकाबले में उतरेगी। इंग्लैंड के लिए अच्छी बात तेज गेंदबाज आर्चर और टंग की जोड़ी रही है। उन्होंने नयी गेंद के साथ बेहतरीन तालमेल बिठाया है और उछाल से बल्लेबाजों को परेशान किया है। भारत के लिए सीरीज बचाने की चुनौती है, ऐसे में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज बृहस्पतिवार को चुनौती और बढ़ाना चाहेंगे और शनिवार को साउथम्प्टन में होने वाले आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय से पहले ही सीरीज अपने नाम करना चाहेंगे।

टीम इस प्रकार है :

भारतीय टीम : श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, रवि बिश्नोई, प्रसिद्ध कृष्णा, सूर्यांश शेडगे, वाशिंगटन सुंदर।

इंग्लैंड टीम: हैरी ब्रूक (कप्तान), फिल साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, सैम करन, विल जैक्स, जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन, आदिल राशिद, जोश टंग, जॉर्डन कॉक्स, सोनी बेकर, ल्यूक वुड, साकिब महमूद, रेहान अहमद, जेम्स कोल्स। मैच भारतीय समयानुसार रात 10:00 बजे शुरू होगा।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image