Thursday, July 9, 2026
HomeUser Interest CategoryEntertainment29 साल की शादी के बाद पाकिस्तानी कपल वसीम अब्बास और सबा...

29 साल की शादी के बाद पाकिस्तानी कपल वसीम अब्बास और सबा हमीद का हुआ तलाक, बोले- ‘रिश्ते में घुटन हो तो सम्मान के साथ अलग होना बेहतर’

पाकिस्तानी टीवी इंडस्ट्री के दिग्गज एक्टर वसीम अब्बास और एक्ट्रेस सबा हमीद ने शादी के 29 साल बाद अलग होने की आधिकारिक घोषणा कर दी। दोनों ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया की वे 14 साल से अलग रह रहे थे। जानिए क्या थी पाकिस्तानी कपल के अलग होने की वजह?

मुंबई। पाकिस्तानी टीवी इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता वसीम अब्बास और अभिनेत्री सबा हमीद की शादीशुदा जिंदगी को लेकर बड़ा खुलासा सामने आया है। दोनों ने करीब 29 साल की शादी के बाद आधिकारिक रूप से तलाक ले लिया है। हालांकि, वसीम अब्बास ने बताया कि वे और सबा हमीद पिछले करीब 14 साल से अलग-अलग रह रहे थे और उन्होंने बिना किसी विवाद के अपनी-अपनी जिंदगी आगे बढ़ाई। एक इंटरव्यू में वसीम अब्बास ने अपने तलाक को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि रिश्ते का खत्म होना हमेशा किसी एक व्यक्ति की गलती नहीं होती। हर इंसान के पास अपनी वजहें होती हैं और कई बार सम्मान के साथ अलग होना ही बेहतर फैसला होता है।

1993 में हुई थी वसीम अब्बास और सबा हमीद की लव मैरिज


वसीम अब्बास और सबा हमीद की शादी साल 1993 में हुई थी। दोनों की यह लव मैरिज थी। उस दौर में दोनों ही पाक टीवी इंडस्ट्री के जाने-माने कलाकार थे और अपनी-अपनी पहचान बना चुके थे। शादी के बाद वसीम अब्बास और सबा हमीद लंबे समय तक पाकिस्तानी शोबिज इंडस्ट्री के सबसे सम्मानित कपल्स में गिने जाते रहे। दोनों ने अपने करियर के साथ-साथ निजी जिंदगी को भी काफी हद तक निजी रखा और लंबे समय तक अपने रिश्ते को सार्वजनिक विवादों से दूर रखा। शादी के समय दोनों ने परिवार और अपनी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा फैसला लिया था। वसीम अब्बास ने बताया कि उन्होंने और सबा हमीद ने तय किया था कि वे साथ में बच्चे नहीं करेंगे, क्योंकि दोनों के पहले से ही बच्चे थे। सबा के दो बच्चे और वसीम के चार बच्चे थे, इसलिए दोनों ने महसूस किया कि उन्हें नए सिरे से परिवार बढ़ाने की जरूरत नहीं है।

‘तलाक कोई बुरी बात नहीं, मेरी दुआएं हमेशा उनके साथ हैं’- वसीम अब्बास


वसीम अब्बास ने कहा, “मेरी दूसरी शादी करीब 29 साल चली, फिर तलाक हो गया। इसमें कोई बुराई नहीं है। मेरी दुआएं हमेशा उनके साथ हैं। वो खुश रहें, आबाद रहें।” उन्होंने आगे कहा कि जरूरी नहीं कि किसी रिश्ते के टूटने में एक इंसान सही और दूसरा गलत हो। दोनों पक्षों की अपनी परिस्थितियां और वजहें हो सकती हैं। एक्टर ने कहा, “अगर रिश्ते में घुटन महसूस होने लगे तो पूरी जिंदगी उसी रिश्ते में परेशान रहने से बेहतर है कि दोनों लोग सम्मान के साथ अलग हो जाएं।” सबा हमीद की यह दूसरी शादी थी। इससे पहले उनकी शादी सैयद परवेज शफी से हुई थी, जिनसे उनके दो बच्चे हैं- अभिनेत्री और गायिका मीशा शफी और रैपर-अभिनेता फरीस शफी। वहीं वसीम अब्बास की भी यह दूसरी शादी थी। उनके पहले रिश्ते से चार बच्चे हैं। वसीम अब्बास ने साफ किया कि उनके और सबा हमीद के बीच कोई दुश्मनी या नाराजगी नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर दोनों कभी आमने-सामने आते हैं तो एक-दूसरे से इज्जत के साथ मिलेंगे। उन्होंने कहा कि उनके रिश्ते का अंत कड़वाहट के साथ नहीं हुआ और दोनों आज भी एक-दूसरे का सम्मान करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर मौका मिले तो वे साथ में किसी ड्रामा प्रोजेक्ट में काम करने से भी परहेज नहीं करेंगे।

वसीम अब्बास बच्चों की प्राइवेसी का रखते हैं ध्यान


वसीम अब्बास ने अपने बेटे अली अब्बास और बहू के साथ रिश्ते पर भी बात की। उन्होंने कहा कि वह अपने बच्चों की जिंदगी में दखल नहीं देना चाहते और उनकी निजी जिंदगी का सम्मान करते हैं। उन्होंने बताया कि जब वह कराची जाते हैं तो कई बार बेटे के घर रुकने के बजाय गेस्ट हाउस में रहना पसंद करते हैं। उनका कहना है कि इसकी वजह यह नहीं है कि उनका बेटा या बहू उन्हें अपने साथ नहीं रखना चाहते, बल्कि वह खुद उन्हें असुविधा नहीं देना चाहते। एक्टर ने कहा कि उनके बेटे की सुबह की जिम्मेदारियां होती हैं, बच्चों की देखभाल होती है और वह नहीं चाहते कि उनकी वजह से परिवार की दिनचर्या प्रभावित हो।

वसीम ने बेटे अली अब्बास की जमकर की तारीफ


वसीम अब्बास ने अपने बेटे अली अब्बास की तारीफ करते हुए कहा कि वह बेहद संस्कारी और सम्मान देने वाला इंसान है। उन्होंने कहा कि अगर कोई इंसान बाहर वालों के साथ इतना अच्छा व्यवहार करता है तो वह अपने माता-पिता के साथ कितना अच्छा होगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। वसीम अब्बास और सबा हमीद दोनों पाकिस्तानी मनोरंजन जगत के बड़े नाम हैं। दोनों ने कई लोकप्रिय टीवी शोज और प्रोजेक्ट्स में काम किया है। वसीम अब्बास की उम्र करीब 65 साल है, जबकि सबा हमीद 69 साल की हैं। दोनों ने साल 1993 में शादी की थी और अब शादी के 29 साल बाद दोनों स्टार्स रजामंदी से अलग हो गए है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image