AFG vs IND ODI Series : भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 जून से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी अनुपस्थिति भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है।

जांघ की चोट की वजह से बाहर हुए हार्दिक
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार हार्दिक पंड्या को लो-ग्रेड क्वाड्रिसेप्स स्ट्रेन हुआ है। यह जांघ के आगे वाले हिस्से की मांसपेशियों में खिंचाव से जुड़ी चोट है। मेडिकल टीम ने उनकी रिकवरी अवधि करीब तीन सप्ताह बताई है, जिसके चलते वह अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले तीनों वनडे मैचों में उपलब्ध नहीं रहेंगे।
हार्दिक हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दौरान लगी पीठ की ऐंठन (बैक स्पाज्म) की समस्या से उबरने के बाद फिटनेस जांच के लिए बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पहुंचे थे। फिटनेस परीक्षण के दौरान ही उनकी नई चोट का पता चला, जिसके बाद चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन ने उन्हें सीरीज से बाहर रखने का फैसला किया।

हार्दिक पंड्या भारतीय टीम के सबसे महत्वपूर्ण खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। वह मध्यक्रम में तेज रन बनाने की क्षमता रखते हैं और साथ ही गेंदबाजी में भी टीम को महत्वपूर्ण संतुलन प्रदान करते हैं। नई गेंद से शुरुआती ओवरों में और मिडिल ओवरों में उनकी उपयोगिता टीम के लिए बेहद अहम रहती है। ऐसे में उनका बाहर होना टीम इंडिया के लिए बड़ी चिंता का विषय माना जा रहा है।
गिल की अगुवाई में खेलेगी टीम इंडिया
शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज खेलेगी। टीम में रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल और ईशान किशन जैसे अनुभवी बल्लेबाज मौजूद हैं। वहीं ऑलराउंडर विभाग में अब नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर और हर्ष दुबे पर अतिरिक्त जिम्मेदारी आ सकती है। भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला वनडे 13 जून को धर्मशाला में खेला जाएगा। दूसरा मुकाबला 17 जून को लखनऊ और तीसरा व अंतिम मैच 20 जून को चेन्नई में आयोजित होगा।
आईपीएल के दौरान भी हार्दिक को फिटनेस संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। हालांकि उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस के अंतिम लीग मुकाबले में वापसी की थी, लेकिन अब नई चोट ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
भारतीय टीम का वनडे स्क्वॉड
शुभमन गिल (कप्तान), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, हर्ष दुबे, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव और गुरनूर बरार।



