Ebola Virus News : वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन अफ्रीका में फैल रहे इबोला संक्रमण को लेकर सतर्क हो गया है। ट्रंप प्रशासन ने यूरोपीय देशों से आग्रह किया है कि वे इबोला प्रभावित अफ्रीकी देशों से आने वाले यात्रियों पर कड़ी निगरानी और यात्रा प्रतिबंध लागू करें, ताकि संक्रमण के वैश्विक प्रसार को रोका जा सके।

इबोला को लेकर यूरोप को अमेरिका की चेतावनी
अमेरिकी प्रशासन ने संकेत दिया है कि यदि यूरोपीय देश इस दिशा में पर्याप्त कदम नहीं उठाते हैं, तो अमेरिका यूरोप से आने वाले यात्रियों के लिए अपने प्रवेश नियमों को और सख्त कर सकता है। इसका असर भविष्य में आयोजित होने वाले बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों, विशेष रूप से फीफा विश्व कप फुटबॉल टूर्नामेंट जैसे कार्यक्रमों पर भी पड़ सकता है।
अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार, विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने मंगलवार को यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन से फोन पर बातचीत कर इस मुद्दे पर गंभीर चिंता जताई। दोनों नेताओं के बीच कांगो और युगांडा में फैल रहे इबोला संक्रमण की स्थिति तथा उससे निपटने के लिए अमेरिका और यूरोप के बीच बेहतर समन्वय पर चर्चा हुई।
इबोला खतरे पर अमेरिका ने बढ़ाई सख्ती
विदेश विभाग ने अपने बयान में कहा कि अमेरिकी नागरिकों की स्वास्थ्य सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विभाग का मानना है कि इबोला जैसी घातक बीमारी को अमेरिका की सीमाओं तक पहुंचने से रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत और त्वरित कदम उठाने की आवश्यकता है।
विदेश विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अमेरिका पहले ही संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए कई कदम उठा चुका है। उन्होंने कहा कि अब दुनिया के अन्य देशों, विशेष रूप से यूरोपीय देशों को भी समान स्तर की सतर्कता दिखानी होगी। अधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि आवश्यक कार्रवाई में देरी हुई तो अंतरराष्ट्रीय यात्रा नियमों पर इसका सीधा असर पड़ सकता है।



