Friday, November 6, 2026
HomeIndiaराजस्थान युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष बने अभिषेक चौधरी, बिना साक्षात्कार के जारी...

राजस्थान युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष बने अभिषेक चौधरी, बिना साक्षात्कार के जारी हुआ नियुक्ति आदेश

अभिषेक चौधरी राजस्थान युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निर्वाचित घोषित। अनिल चोपड़ा वरिष्ठ उपाध्यक्ष और राजकुमार परसवाल उपाध्यक्ष बने। अशोक गहलोत और गोविंद सिंह डोटासरा ने दी बधाई।

जयपुर। राजस्थान युवा कांग्रेस को नया प्रदेशाध्यक्ष मिल गया है। प्रदेशाध्यक्ष पद के चुनाव में सर्वाधिक वोट हासिल करने वाले अभिषेक चौधरी को निर्वाचित घोषित कर दिया गया है। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब ने उनकी नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं। वहीं, चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे अनिल चोपड़ा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष और तीसरे स्थान पर रहे राजकुमार परसवाल को उपाध्यक्ष बनाया गया है।

इस बार युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव में साक्षात्कार की प्रक्रिया नहीं अपनाई गई। सीधे वोटों के आधार पर नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए गए। खास बात यह है कि संगठन में किसी को कार्यकारी अध्यक्ष भी नहीं बनाया गया है। अभिषेक चौधरी को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के खेमे का समर्थन हासिल था।

6.15 लाख से ज्यादा वोट लेकर पहले स्थान पर रहे अभिषेक

युवा कांग्रेस के चुनाव परिणाम 4 अक्टूबर को घोषित किए गए थे। इनमें अभिषेक चौधरी 6 लाख 15 हजार 57 वोट हासिल कर पहले स्थान पर रहे थे। दूसरे स्थान पर रहे जयपुर ग्रामीण लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रहे अनिल चोपड़ा को 5 लाख 45 हजार 638 वोट मिले थे। राजकुमार परसवाल 1 लाख 95 हजार 30 वोट लेकर तीसरे स्थान पर रहे। अभिषेक चौधरी और अनिल चोपड़ा के बीच 69 हजार 419 वोटों का अंतर रहा।

पहली बार बिना इंटरव्यू के हुई नियुक्ति

युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव में आमतौर पर शीर्ष नेताओं की ओर से उम्मीदवारों के साक्षात्कार की प्रक्रिया अपनाई जाती रही है। राहुल गांधी, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा और अन्य नेता उम्मीदवारों के वन-टू-वन इंटरव्यू लेते रहे हैं। हालांकि, इस बार साक्षात्कार नहीं हुए और सर्वाधिक वोट हासिल करने वाले अभिषेक चौधरी को प्रदेशाध्यक्ष घोषित कर दिया गया।

अशोक गहलोत ने दी बधाई, बोले- युवाओं में कांग्रेस की विचारधारा मजबूत करें

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अभिषेक चौधरी, अनिल चोपड़ा और राजकुमार परसवाल को बधाई दी। उन्होंने लिखा कि राजस्थान युवा कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष अभिषेक चौधरी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल चोपड़ा और उपाध्यक्ष राजकुमार परसवाल को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।

गहलोत ने विश्वास जताया कि तीनों नेता युवा कांग्रेस को नई ऊर्जा देंगे और युवाओं के बीच कांग्रेस की विचारधारा को और मजबूत करेंगे। उन्होंने सभी के सफल कार्यकाल और उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

डोटासरा ने भी दी शुभकामनाएं

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी अभिषेक चौधरी को प्रदेशाध्यक्ष निर्वाचित होने पर बधाई दी। उन्होंने वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल चोपड़ा, उपाध्यक्ष राजकुमार परसवाल और सभी डेलीगेट्स को भी शुभकामनाएं दीं।

डोटासरा ने उम्मीद जताई कि अभिषेक चौधरी के नेतृत्व में राजस्थान युवा कांग्रेस युवाओं के अधिकार, रोजगार और बेहतर भविष्य से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के विश्वास और संघर्षशील नेतृत्व से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image