जयपुर। राजस्थान में SIR और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस के विरोध के जवाब में भाजपा ने गुरुवार को जयपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा निकाली। रामलीला मैदान से त्रिपोलिया गेट तक निकाली गई इस पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, भाजपा प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया, प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
पदयात्रा से पहले रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस SIR को लेकर झूठ फैलाकर देश में अराजकता पैदा करना चाहती है। वहीं, संजय भाटिया ने कहा कि कांग्रेस बैलेट पेपर से हुए चुनावों में भी हार रही है, इसलिए उसे अब आत्ममंथन करना चाहिए। मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर सत्ता के लिए बेचैन होने और अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सच सुनते ही तिलमिला गई है और अभी बहुत कुछ सामने आना बाकी है।
यह खबर भी पढ़ें:-जयपुर की बेटी बनीं अमेरिकी सांसद, Apple-White House में कर चुकी हैं काम
SIR को लेकर झूठ फैला रही कांग्रेस: अश्विनी वैष्णव
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि कांग्रेस SIR को लेकर झूठ फैलाकर अराजकता पैदा करना चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भी 10 बार SIR हो चुकी है और EVM भी कांग्रेस के समय ही आई थी। इसके बावजूद आज कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं और संविधान की व्यवस्थाओं पर सवाल उठा रही है।
वैष्णव ने कहा कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया पहले भी होती रही है। कांग्रेस को EVM पर सवाल उठाने के बजाय चुनाव परिणामों के समय अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर बयानबाजी करने के बजाय संसद में आकर बहस करनी चाहिए।
अग्निवीर योजना पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस शुरुआत से ही इस योजना पर सवाल उठाती रही है, जबकि योजना में दो साल का एक्सटेंशन दिए जाने से युवाओं में उत्साह है।
बैलेट पेपर पर भी चुनाव हार रही कांग्रेस: संजय भाटिया
भाजपा प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया ने कहा कि पार्टी झूठ के खिलाफ जनता के बीच उतरी है। उन्होंने सवाल किया कि यदि मतदाता सूची से घुसपैठियों और मृत व्यक्तियों के नाम हटाए जा रहे हैं तो इंडी गठबंधन को इससे परेशानी क्यों हो रही है?
भाटिया ने आरोप लगाया कि झूठ बोलना, अराजकता फैलाना और लोगों को भड़काना कांग्रेस की राजनीति का हिस्सा बन गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस झूठ के सहारे सत्ता हासिल करना चाहती है।
उन्होंने बैलेट पेपर से हुए एमएलसी चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस वहां भी सफल नहीं हुई। भाटिया ने सवाल किया कि यदि कांग्रेस चुनाव प्रक्रिया और लोकतंत्र पर भरोसा नहीं करती तो चुनाव में हिस्सा क्यों लेती है? उनके अनुसार, कांग्रेस चुनाव जीतने पर जश्न मनाती है, लेकिन हारने पर चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने लगती है।
सत्ता के लिए बिन पानी मछली की तरह तड़प रही कांग्रेस: मदन राठौड़
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर सत्ता हासिल करने के लिए अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष सत्ता के लिए बिन पानी मछली की तरह तड़प रहा है।
राठौड़ ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि वहां भाड़े के लोगों को लाकर प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कांग्रेस पर ऐसे लोगों के साथ खड़े होने का आरोप लगाया, जो भगवान श्रीराम और राष्ट्रीय गीत का अपमान करते हैं।
उन्होंने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान महिला पुलिसकर्मी के साथ उनके व्यवहार को शर्मनाक बताया। राठौड़ ने कहा कि लोकतंत्र में फैसले संसद में होने चाहिए, सड़क पर फैसले लेने की कोशिश अराजकता को जन्म देती है।
यह खबर भी पढ़ें:-डोटासरा का CM भजनलाल पर हमला, बोले- व्यापारियों को नुकसान पहुंचाकर भाजपा निकाल रही रैलियां, राइजिंग राजस्थान का हिसाब दे सरकार
सच सुनते ही तिलमिला गई कांग्रेस, अभी बहुत कुछ बाकी: भजनलाल शर्मा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि आज वही कांग्रेस लोकतंत्र की बात कर रही है, जिसने कई बार लोकतंत्र का गला घोंटा है। उन्होंने जोधपुर की सभा में दिए गए अपने बयान का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस सच सुनते ही तिलमिला गई। उन्होंने कहा, “अभी तो बहुत कुछ बाकी है, आगे-आगे देखिए होता है क्या।”
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरपीएससी सदस्य की नियुक्ति, विशेषाधिकारी की स्वीकारोक्ति, तत्कालीन मंत्री के जेल जाने और जल जीवन मिशन में कथित घोटाले जैसे मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इन सवालों से बचने के बजाय जवाब देना चाहिए।
भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस में होड़ मची है कि कौन क्या बोले और मुख्यमंत्री उस पर जवाब दें, ताकि उसका राजनीतिक कद बढ़ सके। लेकिन राजनीतिक कद बयानबाजी से नहीं, बल्कि जनता के बीच जाकर काम करने से बढ़ता है।
कांग्रेस को 34 महीने बनाम 5 साल का हिसाब देने की चुनौती
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा पहले भी कांग्रेस को सदन में आकर बहस करने की चुनौती दे चुकी है, लेकिन कांग्रेस चर्चा के लिए तैयार नहीं होती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने पांच साल के शासन और भाजपा सरकार के 34 महीने के कार्यकाल का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पांच साल के कार्यकाल में जनता के शोषण के अलावा कोई काम नहीं हुआ। उन्होंने विपक्ष से सदन में चर्चा करने और सरकार के सवालों का जवाब देने की बात कही।
यह खबर भी पढ़ें:-नागौर में पटाखा गोदाम में भीषण धमाका, 2 युवकों की मौत, 2 घायल
रामलीला मैदान से त्रिपोलिया गेट तक निकली पदयात्रा
भाजपा की पदयात्रा रामलीला मैदान से शुरू होकर चौड़ा रास्ता होते हुए त्रिपोलिया गेट तक पहुंची। इसमें पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, डॉ. अरुण चतुर्वेदी, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़, सांसद मंजू शर्मा सहित पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
भाजपा नेताओं ने इस अभियान के जरिए कांग्रेस के SIR विरोध और कथित वोट चोरी के आरोपों का जवाब देने की कोशिश की। वहीं, कांग्रेस और भाजपा के बीच चुनावी प्रक्रिया, लोकतंत्र और मतदाता सूची को लेकर राजनीतिक टकराव तेज होता नजर आ रहा है।



