जयपुर में सोमवार को फूड सेफ्टी टीम ने कई निजी अस्पतालों की कैंटीन और किचन का निरीक्षण किया। टोंक रोड स्थित कोकून हॉस्पिटल की किचन में टीम को चार दिन पुरानी ग्रेवी फ्रिज में रखी मिली। टीम ने ग्रेवी समेत कई खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे।
जयपुर सीएमएचओ सैकंड डॉ. मनीष मित्तल के मुताबिक, टीमों ने कोकून हॉस्पिटल, होप हॉस्पिटल, EHCC हॉस्पिटल, सी.के. बिरला हॉस्पिटल और साकेत हॉस्पिटल की कैंटीन व किचन का जायजा लिया।
कोकून हॉस्पिटल की किचन में मिली कई कमियां
निरीक्षण के दौरान किचन में फूड कलर रखे मिले और तैयार खाद्य सामग्री पर डेट अंकित नहीं थी। चपाती रखने के टूटे हुए केसरोल पर वाशिंग पाउडर जमा था। टीम को इस्तेमाल किए जा रहे काजू की क्वालिटी भी ठीक नहीं मिली। इसके अलावा कई खाद्य सामग्री बिना ढके रखी हुई थी।
फ्रिज में चार दिन पुरानी ग्रेवी मिलने पर टीम ने मौके से ग्रेवी, काजू और दही के सैंपल लिए। सीएमएचओ के अनुसार, कैंटीन संचालक एजेंसी को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया जाएगा।
इन अस्पतालों से भी लिए सैंपल
EHCC हॉस्पिटल से रिफाइंड सोयाबीन तेल, होप हॉस्पिटल से सब्जी और दाल, सी.के. बिरला हॉस्पिटल से दलिया, खिचड़ी और सांभर दाल, जबकि साकेत हॉस्पिटल से खाद्य तेल, पनीर और तैयार दाल के सैंपल लिए गए हैं। सभी सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं।



