नागोया। जापान के नागोया में चल रहे Asian Games 2026 में भारत के खाते में एक और मेडल जुड़ गया है। भारतीय शूटर ईशा सिंह ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में ईशा मामूली अंतर से गोल्ड मेडल से चूक गईं।गोल्ड मेडल के लिए ईशा सिंह को शूटऑफ का सामना करना पड़ा। मुकाबले में चीन की शियाओ जियारुईशुआन ने गोल्ड मेडल जीता, जबकि ईशा को सिल्वर से संतोष करना पड़ा। दक्षिण कोरिया की किम ह्योन सुक ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
ईशा सिंह ने इससे पहले क्वालिफिकेशन राउंड में 580 अंक हासिल कर फाइनल के लिए क्वालिफाई किया था। वहीं, भारत की मनु भाकर 579 अंक के साथ फाइनल में जगह नहीं बना सकीं।
भारत के खाते में अब 38 मेडल
ईशा सिंह के सिल्वर मेडल के साथ ही Asian Games 2026 में भारत के कुल मेडल की संख्या 38 हो गई है। भारत के खाते में अब 4 गोल्ड, 16 सिल्वर और 18 ब्रॉन्ज मेडल हैं। भारत फिलहाल मेडल टैली में 12वें स्थान पर है।
लवलीना और पिंकी ने भी पक्के किए मेडल
भारत के लिए आज का दिन बॉक्सिंग और कुराश में भी अहम रहा। लवलीना बोरगोहेन ने बॉक्सिंग की 75 किग्रा वेट कैटेगरी के टॉप-8 में पहुंचकर भारत का एक मेडल पक्का किया है।वहीं, पिंकी बल्हारा ने कुराश की महिला 78 किग्रा वेट कैटेगरी के सेमीफाइनल में पहुंचकर भारत के लिए एक और मेडल सुनिश्चित कर दिया है।इसके अलावा, भारतीय पुरुष स्क्वॉश टीम ने भी टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत की। भारत ने पूल-A के मुकाबले में चीन को 3-0 से हराया। सूरज चंद, वीर चोत्रानी और सेंथलकुमार ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर भारत को क्लीन स्वीप दिलाया।



