नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में लगातार बारिश, बर्फबारी और बाढ़ से हालात बिगड़ गए हैं। उत्तराखंड में बर्फबारी और लैंडस्लाइड के चलते 86 सड़कें बंद हैं, जबकि उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले इलाकों में 136 पर्वतारोही, ट्रैकर और सपोर्ट स्टाफ फंसे हुए हैं। दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश और बिहार में भी कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है।
उत्तराखंड में 86 सड़कें बंद, 136 लोग फंसे
उत्तराखंड में लैंडस्लाइड के कारण आदि कैलाश मार्ग समेत 86 सड़कें बंद हैं। इनमें चमोली की 21, नैनीताल की 18 और पिथौरागढ़ की 15 सड़कें शामिल हैं।उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के बीच 136 पर्वतारोही, ट्रैकर और सपोर्ट स्टाफ फंस गए हैं। प्रशासन की ओर से इन लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
बिहार के 23 गांव बाढ़ की चपेट में
नेपाल से गंडक नदी में पानी छोड़े जाने के बाद बिहार के पश्चिम चंपारण और सुपौल में बाढ़ की स्थिति बन गई है। दोनों जिलों के करीब 23 गांव प्रभावित हुए हैं। बाढ़ से लगभग 82 हजार लोगों के प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है।
यूपी में नदियां उफान पर, पुलों के ऊपर बह रहा पानी
उत्तर प्रदेश में पिछले चार दिनों से जारी बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं। गोंडा और बदायूं में छोटे पुलों के ऊपर से पानी बह रहा है। प्रदेश की 8 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।कुशीनगर में दो गांवों के करीब 1,400 परिवार प्रभावित हुए हैं। मौसम विभाग ने राज्य के 46 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।लगातार बारिश और आंधी के कारण पिछले दो दिनों में प्रदेश में 63 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है।
छत्तीसगढ़ की बारिश का असर महाराष्ट्र तक
छत्तीसगढ़ में हो रही भारी बारिश का असर महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में भी देखने को मिल रहा है। यहां कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।वहीं, मध्य प्रदेश के जबलपुर, सागर, शहडोल और रीवा संभाग में भी पिछले तीन दिनों से बारिश जारी है। कई राज्यों में प्रशासन और राहत एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।



