Wednesday, July 1, 2026
HomeLatest Newsदौसा में भीषण सड़क हादसा, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बस-ट्रक की टक्कर के...

दौसा में भीषण सड़क हादसा, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बस-ट्रक की टक्कर के बाद लगी आग, 8 लोगों की मौत

Dausa Accident: राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ऋषिकेश से इंदौर जा रही निजी स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई, जिससे दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई.

Dausa Accident: राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया. उत्तराखंड के ऋषिकेश से मध्य प्रदेश के इंदौर जा रही एक निजी स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस और ट्रक दोनों में आग लग गई. हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 अन्य यात्री घायल हो गए. सभी घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है.

पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना कोलवा थाना क्षेत्र के धनावड़ा के पास हुई. हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई. आग की लपटों में घिरे वाहनों से यात्रियों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.

5 लोगों की जिंदा जलकर मौत

दौसा के पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित ने बताया कि हादसे में 5 लोगों की मौत आग में जिंदा जलने से हुई, जबकि 2 लोगों ने सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर दम तोड़ दिया. एक अन्य घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. मृतकों में से एक की पहचान धर्मेंद्र के रूप में हुई है, जबकि अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है.

24 घायलों का चल रहा इलाज

अपर पुलिस अधीक्षक शंकर लाल ने बताया कि दुर्घटना में घायल हुए 24 लोगों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है. सभी को तुरंत दौसा जिला अस्पताल और अन्य चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है.

उन्होंने बताया कि ऋषिकेश से इंदौर जा रही हंस ट्रेवल्स की बस दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई. टक्कर के तुरंत बाद दोनों वाहनों में आग लग गई, जिससे बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। कई यात्रियों ने बस से कूदकर निकलकर अपनी जान बचाई. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image