Thursday, June 11, 2026
HomeLatest Newsनीति आयोग की बैठक में सीएम भजनलाल शर्मा ने पेश किया ‘विकसित...

नीति आयोग की बैठक में सीएम भजनलाल शर्मा ने पेश किया ‘विकसित राजस्थान-2047’ का रोडमैप

CM भजनलाल शर्मा ने नीति आयोग की बैठक में ‘विकसित राजस्थान-2047’ का रोडमैप पेश करते हुए किसानों, महिलाओं और युवाओं को विकास की प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि राजस्थान 2029 तक 350 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहा है।

Rajasthan News: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को नई दिल्ली में आयोजित नीति आयोग की शासी परिषद की 11वीं बैठक में ‘विकसित राजस्थान-2047’ का व्यापक रोडमैप प्रस्तुत किया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास के विजन, उपलब्धियों और भावी योजनाओं को साझा करते हुए कहा कि किसानों की समृद्धि, महिला सशक्तीकरण और युवाओं का विकास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं.

सीएम भजनलाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता, नवाचार, सुशासन और समावेशी विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने विश्वास जताया कि राजस्थान ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य को हासिल करने में अग्रणी भूमिका निभाएगा.

‘सरकार गरीब, युवा, किसान और महिलाओं को ध्यान में रखकर काम कर रही’

बैठक में मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार अपनी नीतियों और योजनाओं के केंद्र में गरीब, युवा, किसान और महिलाओं को रखकर काम कर रही है. उन्होंने कहा कि राजस्थान की लगभग 63 प्रतिशत आबादी युवा है और सरकार इस जनशक्ति को विकास का प्रमुख आधार बनाने की दिशा में कार्य कर रही है.

’35 से अधिक नई नीतियां लागू की गई’

निवेश और औद्योगिक विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में निवेश को बढ़ावा देने के लिए 35 से अधिक नई नीतियां लागू की गई हैं। उन्होंने बताया कि अब तक राजस्थान में 35 लाख करोड़ रुपये के निवेश संबंधी समझौतों (एमओयू) पर हस्ताक्षर हो चुके हैं, जो राज्य की आर्थिक प्रगति के लिए महत्वपूर्ण साबित होंगे.

राजस्थान को 350 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2029 तक राजस्थान को 350 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में राज्य की सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) वृद्धि दर 10.24 प्रतिशत है, जो इस लक्ष्य की दिशा में सकारात्मक संकेत है.

‘माय भारत’ अभियान को राजस्थान में व्यापक समर्थन मिला’

युवाओं के विकास पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि ‘माय भारत’ अभियान को राजस्थान में व्यापक समर्थन मिला है और 18 लाख पंजीकृत युवाओं के साथ राज्य देश में दूसरे स्थान पर है। इसके अलावा राजस्थान कौशल नीति-2025, युवा नीति-2025 और रोजगार नीति-2026 जैसी योजनाएं युवाओं को रोजगार और कौशल विकास से जोड़ने में मदद कर रही हैं।

‘किसानों को ऊर्जा उत्पादक बनाने की दिशा में हो रहा काम’

कृषि क्षेत्र की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को केवल उत्पादक ही नहीं बल्कि ऊर्जा उत्पादक और उद्यमी बनाने की दिशा में काम कर रही है. वहीं महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए ‘लखपति दीदी’ और ‘ड्रोन दीदी’ जैसी योजनाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा शक्ति, महिला सशक्तीकरण, कृषि विकास, हरित ऊर्जा, तकनीकी नवाचार और सुशासन के समन्वित मॉडल के जरिए राजस्थान विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और ‘विकसित राजस्थान-2047’ का संकल्प पूरी प्रतिबद्धता के साथ साकार किया जाएगा.

ये भी पढ़ें: ‘ईरान पर आज होगा सबसे बड़ा हमला’, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दी धमकी


Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image