Guru Purnima 2026 : जयपुर। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (CM Bhajan Lal Sharma) ने डीग के पूंछरी स्थित श्रीनाथजी मंदिर में संत-महंतों और गुरुओं का सम्मान किया। उन्होंने श्रद्धापूर्वक शॉल-दुपट्टा ओढ़ाकर एवं श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद लिया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने सपत्नीक भगवान श्रीनाथजी एवं परिक्रमा मार्ग पर स्थित मुकुट मुखारविंद का पंचामृत से अभिषेक किया। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना की तथा देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण के लिए कामना की।

वर्षों से निभा रहे हैं गुरु वंदन की परम्परा
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा प्रतिवर्ष गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर पूंछरी का लौठा पहुंचकर गुरुओं एवं संत-महात्माओं का वंदन-पूजन करते हैं। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए गुरुओं का अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने संतों एवं श्रद्धालुओं को भोजन प्रसादी भी परोसी।
बड़ा हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना
मुख्यमंत्री भरतपुर के सेवर में लुधावई स्थित बड़ा हनुमान मंदिर पहुंचे। उन्होंने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने मंदिर के महंत स्व. श्री रामदास जी महाराज की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धापूर्वक गुरु वंदन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संत-महात्माओं का सम्मान किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने बड़ा हनुमान मंदिर परिसर के समीप जनसुनवाई की तथा अधिकारियों को आमजन की परिवेदनाओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

वन बिहारी जी मंदिर में किए दर्शन
मुख्यमंत्री ने बुधवार सुबह को गोवर्धन परिक्रमा क्षेत्र के जतीपुरा स्थित श्री वन बिहारी जी मंदिर में भी दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में श्री अष्ट सखा गोविंद स्वामी जी बैठक एवं अष्ट द्वार के साथ ही ऐतिहासिक ऐरावत कुंड का अवलोकन भी किया। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों को मंदिर परिसर, बैठक स्थल और ऐरावत कुंड के जीर्णाेद्धार, सौंदर्यकरण एवं समुचित संरक्षण को लेकर दिशा-निर्देश दिए। इससे पहले उन्होंने श्रीनाथजी मंदिर में सपत्नीक मंगला दर्शन किए तथा प्रदेश की निरंतर प्रगति और प्रदेशवासियों की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम एवं विधायक डॉ. शैलेश सिंह एवं जगत सिंह भी उपस्थित रहे।



