CJP Account Blocked : नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके (Abhijeet Dipke) ने बड़ा आरोप लगाते हुए दावा किया है कि उनके व्यंग्यात्मक डिजिटल संगठन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि कई सोशल मीडिया अकाउंट हटाए जाने और हैकिंग की घटनाओं के बाद अब संगठन की किसी भी आधिकारिक अकाउंट तक उनकी पहुंच नहीं बची है।
कॉकरोच जनता पार्टी के खिलाफ कार्रवाई की गई : अभिजीत दीपके
दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि उनका निजी इंस्टाग्राम अकाउंट भी हैक कर लिया गया है। इससे पहले भारत में सीजेपी के ‘एक्स’ अकाउंट पर भी रोक लगा दी गई थी, जिसके बाद उन्होंने नया अकाउंट बनाया था। संगठन ने शिक्षा क्षेत्र में कथित नाकामियों और राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रधान का इस्तीफा मांगते हुए शुक्रवार को एक अभियान शुरू किया था। बाद में दीपके ने दावा किया कि उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने धमकी भरे संदेशों के ‘स्क्रीनशॉट’ भी साझा किए।
शनिवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दीपके ने कहा, कॉकरोच जनता पार्टी के खिलाफ कार्रवाई। इंस्टाग्राम पेज हैक किया गया। मेरा व्यक्तिगत इंस्टाग्राम अकाउंट भी हैक किया गया। ट्विटर अकाउंट पर रोक लगाई गई। बैक अप अकाउंट पर भी रोक लगा दी गई। उन्होंने लिखा, आपको सूचित करना चाहता हूं कि फिलहाल हम अपने सोशल मीडिया अकाउंट का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे। इस पोस्ट के बाद किसी भी पोस्ट को कॉकरोच जनता पार्टी का आधिकारिक बयान न माना जाए।
सीजेपी की वेबसाइट (कॉकरोचजनतापार्टी डॉट ओआरजी) बंद कर दी गई है। दीपके ने कहा कि यह कार्रवाई प्रधान के खिलाफ अभियान चलाने के लिए की गई।उन्होंने कहा, प्रश्नपत्र लीक मामले में शिक्षा मंत्री के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन छात्रों के लिए जिन्होंने सरकारी नाकामियों के कारण अपनी जान गंवा दी। लेकिन भारत में जवाबदेही की मांग करने वाली कॉकरोच जनता पार्टी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।



