‘Hai Jawani Toh Ishq Hona Hai’ Trailer Release : मुंबई। फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ का इंतजार कर रहे फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। वरुण धवन (Varun Dhawan), मृणाल ठाकुर (Mrunal Thakur) और पूजा हेगड़े (Pooja Hegde) स्टारर इस कॉमेडी-ड्रामा फिल्म का ट्रेलर आखिरकार रिलीज कर दिया गया है। हालांकि ट्रेलर को पहले 21 मई को रिलीज किया जाना था, लेकिन किसी वजह से इसकी रिलीज टाल दी गई थी। अब मेकर्स ने फैंस का इंतजार खत्म करते हुए धमाकेदार ट्रेलर जारी कर दिया है। ट्रेलर में वरुण धवन जबरदस्त कॉमिक अंदाज में नजर आ रहे हैं, जबकि मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े के बीच उनकी उलझी लव स्टोरी कहानी में मजेदार ट्विस्ट लाती दिखाई दे रही है। रोमांस, कॉमेडी और कन्फ्यूजन से भरा यह ट्रेलर दर्शकों को खूब एंटरटेन करने वाला है।
फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ ट्रेलर हुआ जारी
बता दें कि 3 मिनट 15 सेकंड के इस ट्रेलर से फिल्म की पूरी कहानी के बारे में काफी कुछ साफ हो जाता है। ट्रेलर की शुरुआत में मृणाल (बानी) और वरुण तलाक के लिए कोर्ट में खड़े हैं। मृणाल वरुण की पत्नी के किरदार में हैं। वरुण को बच्चा चाहिए है। इसके बाद एंट्री होती है पूजा हेगड़े (प्रीत) की, जिनसे वरुण की लव इंटरेस्ट बनी हैं। जब वरुण पूरी तरह से पूजा के प्यार में पड़ जाते हैं, तभी मृणाल आकर बताती हैं कि वो प्रेग्नेंट हैं और यह बच्चा वरुण का ही है। वहीं पूजा भी वरुण को ये ही बताती हैं कि वो प्रेग्नेंट है। इसके बाद शुरू होती है कहानी में असली अफरा-तफरी, जिसमें एक ओर वरुण का कैरेक्टर मृणाल (बानी) और उसके होने वाले बच्चे की देखभाल करता है। वहीं दूसरी ओर पूजा हेगड़े (प्रीत) और उसके होने वाले बच्चे की देखभाल करना है।

स्टारकास्ट
फिल्म के ट्रेलर में सिर्फ लव ट्रायंगल और कॉमेडी ही नहीं, बल्कि दमदार सपोर्टिंग स्टारकास्ट की भी शानदार झलक देखने को मिली है। मौनी रॉय, जिमी शेरगिल, मनीष पॉल, चंकी पांडे, राकेश बेदी और अली असगर जैसे कलाकार अपनी मौजूदगी से ट्रेलर को और मजेदार बनाते नजर आए है। ट्रेलर में जिम्मी शेरगिल, पूजा हेगड़े के भाई के किरदार में दिखाई दे रहे हैं, जबकि सबसे बड़ा सरप्राइज मौनी रॉय का किरदार है, जो वरुण धवन की नकली मां बनी हैं। वहीं मनीष पॉल एक बार फिर वरुण के दोस्त के रोल में अपनी कॉमिक टाइमिंग से हंसी का तड़का लगाते नजर आए। इसके अलावा हाल ही में चर्चा में रहे राकेश बेदी ट्रेलर में डॉक्टर के किरदार में दिखाई दिए, जिसने दर्शकों का ध्यान खींच लिया।

5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म
फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ को मशहूर निर्देशक डेविड धवन ने डायरेक्ट किया है और यह डबल-ट्रबल कॉमेडी ड्रामा 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म अपने मजेदार ट्रेलर और स्टारकास्ट को लेकर पहले ही चर्चा में बनी हुई है। हालांकि फिल्म सिर्फ कहानी और कॉमेडी की वजह से ही नहीं, बल्कि कानूनी विवाद को लेकर भी सुर्खियों में है। बताया जा रहा है कि फिल्म को लेकर टिप्स इंडस्ट्रीज और वाशु भगनानी के बीच इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी राइट्स को लेकर विवाद चल रहा है। यही कारण माना जा रहा है कि ट्रेलर की रिलीज तय तारीख 21 मई से टाल दी गई थी।



