Ram Mandir Donation Scam: आम आदमी पार्टी ने अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान चलाने का ऐलान किया है. पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस मामले में दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए जनता को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी.’
प्रधानमंत्री के नाम भेजा जाएगा हस्ताक्षरित पत्र
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी एक हस्ताक्षर अभियान शुरू करेगी, जिसमें देशभर के नागरिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित एक पत्र पर हस्ताक्षर करेंगे. इस पत्र के माध्यम से राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के दोषियों के खिलाफ कड़ी सजा की मांग की जाएगी. उन्होंने कहा, “राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के लिए जिम्मेदार लोगों को कड़ी सजा दिलाना हर सनातनी का कर्तव्य है।”
रविवार से होगी अभियान की शुरुआत
केजरीवाल ने बताया कि अभियान की शुरुआत रविवार को दिल्ली के रोहिणी स्थित जापानी पार्क में आयोजित सुंदरकांड पाठ के कार्यक्रम से की जाएगी. उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में इस अभियान से जुड़ने की अपील भी की. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के लिए जिम्मेदार लोगों को बचाने की कोशिश कर रही है. इस मुद्दे पर लोगों को एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करनी चाहिए.
अखिलेश यादव ने उठाया था मामला
राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन का विवाद 7 जून को उस समय सामने आया था, जब समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चढ़ावे में वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया था. हालांकि, उस समय श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के तत्कालीन महासचिव चंपत राय ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि ट्रस्ट की आंतरिक ऑडिट में किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने नहीं आई है. बाद में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (SIT) की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया. इसके बाद चंपत राय ने ट्रस्ट के महासचिव पद से इस्तीफा दे दिया.
ये भी पढ़ें: क्या सच में ट्रंप की हत्या की साजिश रच रहा ईरान, इजरायल ने अमेरिका को दी बड़ी चेतावनी



