Friday, July 10, 2026
HomeIndiaहिमाचल में बारिश का कहर, सिरमौर-सोलन के सभी स्कूल बंद, मौसम विभाग...

हिमाचल में बारिश का कहर, सिरमौर-सोलन के सभी स्कूल बंद, मौसम विभाग ने भूस्खलन और बाढ़ को लेकर जारी किया अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में लगातार मूसलाधार बारिश के चलते सिरमौर और सोलन के सभी सरकारी-निजी स्कूल व आंगनवाड़ी केंद्र बंद कर दिए गए हैं। मौसम विभाग ने भारी बारिश, भूस्खलन और अचानक बाढ़ की चेतावनी जारी की है। शिमला समेत कई इलाकों में सड़कें बंद होने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

Himachal Rain Alert: शिमला। हिमाचल प्रदेश में लगातार मूसलाधार बारिश के चलते सिरमौर और सोलन जिलों के सभी सरकारी व निजी स्कूलों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों को एहतियातन बंद कर दिया गया है। मौसम विभाग ने भारी बारिश, भूस्खलन, अचानक बाढ़ और सड़कें अवरुद्ध होने की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

भारी बारिश से सिरमौर-सोलन के स्कूल बंद

सिरमौर की उपायुक्त (डीसी) प्रियंका वर्मा और सोलन के उपायुक्त मनमोहन शर्मा द्वारा जारी अलग-अलग आदेश में कहा गया है, ‘‘लगातार हो रही बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों पर आवागमन बाधित हो रहा है, भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है और विशेष रूप से ग्रामीण एवं पहाड़ी इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। ऐसे प्रतिकूल मौसम की स्थिति जिले भर में स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों के जीवन और सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर सकती है।’’ सिरमौर जिले के पांवटा उपमंडल में बृहस्पतिवार देर रात ही शिक्षण संस्थानों को बंद करने का आदेश जारी कर दिया गया था। इसके बाद शुक्रवार तड़के नाहन, संगड़ाह, पच्छाद और राजगढ़ उपमंडलों के उपमंडलाधिकारियों (एसडीएम) ने भी अलग-अलग आदेश जारी कर दिए।

मौसम विभाग ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम से हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई है। सिरमौर ज़िले के पच्छाद में 207 मिमी बारिश हुई, इसके बाद नाहन में 158.5 मिमी, कसौली में 145 मिमी और धर्मपुर में 136.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। सोलन में मध्यम से भारी वर्षा हुई और 113 मिमी बारिश दर्ज की गई। पालमपुर में 109 मिमी, जोत में 83 मिमी, जुब्बरहट्टी में 72.9 मिमी, धौलाकुआं में 70 मिमी, पांवटा साहिब में 62.8 मिमी, कुफरी, भरवाईं और घाघस में 62.6 मिमी, शिलारू में 60.1 मिमी, शिमला में 58.8 मिमी, काहू में 56.8 मिमी और मशोबरा में 55 मिमी बारिश दर्ज की गयी।

मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी दी

मौसम विभाग ने भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। इसके मद्देनजर भूस्खलन, अचानक बाढ़ आने, पेड़ों के उखड़ने और सड़कों के अवरुद्ध होने जैसी घटनाएं हो सकती हैं, जिससे लोगों के जीवन और सार्वजनिक सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न होने की आशंका है। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना से बचने और विशेष रूप से स्कूली बच्चों के बहुमूल्य जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जनहित में एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।

आदेश में कहा गया है कि आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 30 की उपधारा (5) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए सिरमौर के उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ने एहतियात के तौर पर 10 जुलाई को जिले के सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। हालांकि, आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी अपने-अपने संस्थानों में उपस्थित रहेंगे और उन्हें ड्यूटी से छूट नहीं दी गई है। भारी बारिश के कारण सिरमौर जिले में कई सड़कें भी अवरुद्ध हो गई हैं। बारिश की वजह से राज्य की राजधानी शिमला में भी जनजीवन प्रभावित हुआ और शिमला ज़िले में वाहनों की आवाजाही के लिए 27 सड़कें बंद कर दी गईं। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने यह जानकारी दी।

शहर के विकासनगर क्षेत्र में एक इमारत के सामने बनी दीवार ढह गई। दीवार गिरने से सड़क किनारे खड़े दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। अधिकारियों ने बताया कि शिमला जिले के सुन्नी इलाके में अत्यधिक बारिश के कारण ब्रैंडली गांव में एक घर की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) परिसर में पानी घुस गया, जहां से अब लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का काम चल रहा है।

ये भी पढ़ें: नासा अंतरिक्ष यात्री अनिल मेनन इस तारीख को ISS के लिए भरेंगे उड़ान, भारत से है खास जुड़ाव

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image