Wednesday, May 20, 2026
HomeLatest Newsकेकेआर के लिए करो या मरो की जंग, प्लेऑफ की उम्मीद बचाने...

केकेआर के लिए करो या मरो की जंग, प्लेऑफ की उम्मीद बचाने उतरेगी टीम, रंग में भंग डालने की कोशिश करेगा मुंबई इंडियंस

कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबला करो या मरो जैसा बन गया है। प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए केकेआर को हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी, हालांकि टीम की किस्मत पंजाब और लखनऊ के मैच पर भी निर्भर रहेगी। दूसरी ओर मुंबई पहले ही बाहर हो चुकी है, लेकिन वह जीत के साथ अपना अभियान खत्म करना चाहेगी। हार्दिक पंड्या की वापसी से मुंबई को बढ़त मिल सकती है।

KKR vs MI : कोलकाता। कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए बुधवार का मुकाबला किसी फाइनल से कम नहीं होने वाला है। टूर्नामेंट में खराब शुरुआत के बाद प्लेऑफ की दौड़ में पिछड़ी टीम अब “करो या मरो” की स्थिति में पहुंच चुकी है। अगर अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली केकेआर को आईपीएल प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखनी हैं, तो उसे मुंबई इंडियंस के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। हालांकि मुंबई इंडियंस पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है, लेकिन टीम के इरादे अब भी मजबूत हैं। मुंबई चाहेगी कि जीत के साथ वह केकेआर का पूरा गणित बिगाड़ दे और अपने अभियान का अंत शानदार अंदाज में करे।

अब ऐसे प्लेऑफ में पहुंच सकती है केकेआर

श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में खिताब जीतने के एक साल बाद 2025 में केकेआर आठवें स्थान पर रहा था। मुंबई के खिलाफ जीत से भी केकेआर का काम पूरा नहीं होगा। उसका भाग्य अभी भी शनिवार को लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के बीच होने वाले मैच पर निर्भर करेगा। अगर पंजाब वह मैच जीत जाता है, तो रविवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ केकेआर का आखिरी लीग मैच महज औपचारिकता रह जाएगा। मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटन्स और सनराइजर्स हैदराबाद पहले ही प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं, जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस प्रतियोगिता से बाहर हो चुके हैं।

इससे पांच टीम पंजाब किंग्स (13 अंक), राजस्थान रॉयल्स (12), चेन्नई सुपर किंग्स (12), दिल्ली कैपिटल्स (12) और कोलकाता नाइट राइडर्स (11) बाकी बचे एक प्लेऑफ स्थान हासिल करने की दौड़ में हैं। इनमें से केवल राजस्थान रॉयल्स और केकेआर के ही दो मैच बचे हैं। राजस्थान के लिए सबसे सरल समीकरण है। लखनऊ और मुंबई के खिलाफ अपने बचे हुए दोनों मैच जीतकर 16 अंक हासिल करके क्वालीफाई करना। दूसरी ओर केकेआर को न केवल अपने दोनों मैच जीतने होंगे, बल्कि यह भी उम्मीद करनी होगी कि पंजाब की टीम लखनऊ से हार जाए। पंजाब का नेट रन रेट केकेआर से बेहतर है। केकेआर ने अपने पिछले छह मैचों में से पांच में जीत हासिल की है लेकिन टूर्नामेंट के शुरू में उसका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था जिससे टीम को काफी नुकसान हुआ। कप्तान रहाणे और कोच अभिषेक नायर को विजयी संयोजन तय करने में लगभग सात मैच लग गए।

फिन एलन ने शीर्ष क्रम में अपनी फॉर्म को फिर से हासिल कर लिया है। उन्होंने अपनी पिछली तीन पारियों में एक शतक और 93 रन की तूफानी पारी खेली है, जबकि युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी और कैमरन ग्रीन का आत्मविश्वास हर मैच के साथ बढ़ता जा रहा है। शीर्ष क्रम में रहाणे एकमात्र कमजोर कड़ी रहे हैं, लेकिन उप-कप्तान रिंकू सिंह ने मध्य क्रम में फिनिशर की अपनी भूमिका को बखूबी निभाया है। केकेआर के लिए गेंदबाजी विभाग में मथीशा पथिराना और वरुण चक्रवर्ती की चोट चिंता का विषय है।

मुंबई इंडियंस अब अपने निराशाजनक सत्र का अंत जीत के साथ करना चाहेगा। उसके कप्तान हार्दिक पंड्या इस मैच में वापसी कर सकते हैं। वह चोट के कारण पिछले तीन मैच नहीं खेल पाए थे, लेकिन उन्होंने सोमवार को जमकर अभ्यास किया। हार्दिक का प्रदर्शन हालांकि अभी तक अच्छा नहीं रहा है। उन्होंने आठ पारियों में 20.85 के औसत से 146 रन बनाए हैं, जबकि लगभग 11.90 की इकॉनमी रेट से केवल चार विकेट लिए हैं। मुंबई के लिए इस सत्र में उसके स्टार भारतीय खिलाड़ी सूर्यकुमार यादव अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। इसके अलावा रोहित शर्मा और तिलक वर्मा के प्रदर्शन में भी निरंतरता का अभाव रहा है।

टीम इस प्रकार हैं:

कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रिंकू सिंह, अंगकृष रघुवंशी, मनीष पांडे, रोवमैन पॉवेल, राहुल त्रिपाठी, फिन एलन, तेजस्वी सिंह, टिम सीफर्ट, सुनील नारायण, अनुकूल रॉय, रमनदीप सिंह, कैमरन ग्रीन, सार्थक रंजन, दक्ष कामरा, नवदीप सैनी, वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक, मथीशा पथिराना, कार्तिक त्यागी, वरुण चक्रवर्ती और प्रशांत सोलंकी।

मुंबई इंडियंस: हार्दिक पंड्या (कप्तान), नमन धीर, शेरफेन रदरफोर्ड, रयान रिकेल्टन, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, राज बावा, विल जैक्स, कॉर्बिन बॉश, तिलक वर्मा, ट्रेंट बोल्ट, अश्विनी कुमार, जसप्रीत बुमराह, दीपक चाहर, मयंक मारकंडे, शार्दुल ठाकुर, क्विंटन डी कॉक, दानिश मालेवार, अथर्व अंकोलेकर, एएम गजनफर, मयंक रावत, रघु शर्मा, मोहम्मद सलाहुद्दीन इज़हार और रॉबिन मिंज। मैच शुरू होने का समय: शाम 7.30 बजे।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular