IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच इस महीने होने वाली 3 मैचों की वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया के लिए बुरी खबर सामने आई है. स्टार बल्लेबाज विराट कोहली मांसपेशियों में खिंचाव (मसल स्ट्रेन) से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं, जिसके चलते उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा है. उनकी जगह युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को भारतीय टीम में शामिल किया गया है. सीरीज का पहला मुकाबला 13 जून को धर्मशाला में, दूसरा मुकाबला 17 जून (लखनऊ) और 20 जून (चेन्नई) को खेला जाएगा.
IPL फाइनल के दौरान कोहली को लगी थी चोट
मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने बताया कि IPL फाइनल के दौरान कोहली को चोट लगी थी और उनकी फिटनेस पर अभी भी नजर रखी जा रही है. उन्होंने उम्मीद जताई कि कोहली जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज तक फिट हो सकते हैं, हालांकि फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं की जा सकती. कोहली ने हाल ही में IPL फाइनल में नाबाद 75 रन की शानदार पारी खेलकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को लगातार दूसरा खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी. लेकिन उसी मुकाबले में उन्हें मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या हुई थी.
जायसवाल ने अब तक 4 वनडे मुकाबले खेले
जायसवाल के लिए यह बड़ा मौका माना जा रहा है. युवा बल्लेबाज ने फरवरी 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ डेब्यू करने के बाद से अब तक भारत के लिए सिर्फ 4 वनडे मुकाबले खेले हैं और अपने पहले वनडे में उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 116 रन की मैच विनिंग पारी खेली थी.
रोहित और हार्दिक की फिटनेस पर अपडेट
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या फिटनेस हासिल करने के लिए बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब प्रक्रिया से गुजर रहे हैं. हार्दिक पंड्या की रिकवरी अंतिम चरण में है, जबकि रोहित शर्मा भी जल्द फिटनेस टेस्ट देंगे. दोनों खिलाड़ियों को चिकित्सकीय मंजूरी मिलने के बाद ही आगामी मैचों में खेलने की अनुमति दी जाएगी.
भारतीय टीम : शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे।



