Saturday, November 14, 2026
HomeUser Interest CategoryPoliticsजयपुर में पंचायत चुनाव का चौथा चरण संपन्न, 70.60% मतदान; तूंगा में...

जयपुर में पंचायत चुनाव का चौथा चरण संपन्न, 70.60% मतदान; तूंगा में सबसे ज्यादा और आंधी में सबसे कम वोटिंग

जयपुर जिले में पंचायतीराज चुनाव के चौथे और अंतिम चरण का मतदान शनिवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया।

जयपुर। जयपुर जिले में पंचायतीराज चुनाव के चौथे और अंतिम चरण का मतदान शनिवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। जिले की चार पंचायत समितियों आंधी, बस्सी, जमवारामगढ़ और तूंगा में शाम 6 बजे तक कुल 70.60 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पंचायत समितिवार आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक मतदान तूंगा में, जबकि सबसे कम मतदान आंधी पंचायत समिति में हुआ।

जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने बताया कि चौथे चरण में चार पंचायत समितियों के कुल 82 वार्डों में पंचायत समिति सदस्य पद के लिए मतदान कराया गया। इन वार्डों में 241 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। मतदान के लिए कुल 446 पोलिंग बूथ बनाए गए थे। उन्होंने बताया कि सभी पंचायत समितियों में मतदान शांतिपूर्ण रहा और शाम 6 बजे तक 70 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

4.07 लाख से अधिक मतदाताओं ने किया मतदान
चौथे चरण में कुल 4 लाख 7 हजार 280 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से बड़ी संख्या में मतदाताओं ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पंचायत समिति सदस्य पद के लिए सबसे ज्यादा मुकाबला बस्सी में देखने को मिला। यहां 25 वार्डों में 79 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। वहीं तूंगा के 15 वार्डों में 48, जमवारामगढ़ के 23 वार्डों में 64 और आंधी के 19 वार्डों में 50 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा।

अब सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव की तैयारी
पंचायत समिति सदस्य पदों के मतदान के बाद अब ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार 15 नवंबर को सुबह 8 से 11 बजे तक सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए नामांकन दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद 16 नवंबर को जिले की 140 ग्राम पंचायतों में सुबह 7 से शाम 6 बजे तक बैलेट पेपर के जरिए मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन शाम 6 बजे से मतगणना होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे। वहीं 17 नवंबर को उपसरपंच का निर्वाचन कराया जाएगा।

20 नवंबर को घोषित होंगे जिला परिषद और पंचायत समिति के नतीजे
जयपुर जिले में पंचायतीराज चुनाव के चारों चरणों में पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्य पदों के लिए मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 20 नवंबर को मतगणना होगी। इसके लिए जयपुर के भवानी निकेतन परिसर में मतगणना केंद्र बनाया गया है। इसी दिन जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image