West Bengal Election Repolling: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की 2 विधानसभा सीट के 15 मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान जारी है. यह मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक जारी रहेगा. इनमें मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 और डायमंड हार्बर के 4 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराया जा रहा है.
सुरक्षा के लिए केंद्रीय बल तैनात
चुनाव आयोग के अधिकारी ने कहा, ‘‘पहले घंटे में मतदान शांतिपूर्ण रहा. हिंसा या अशांति की कोई घटना नहीं हुई है. दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में केंद्रीय बलों की पर्याप्त संख्या मौजूद है. वेबकास्टिंग भी जारी है और हम पूरी प्रक्रिया पर नजर रख रहे हैं.’ इन दोनों विधानसभा सीट पर 29 अप्रैल को मतदान हुआ था. पुनर्मतदान का आदेश दोनों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन अधिकारियों और पर्यवेक्षकों से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर दिया गया है.
2 विधानसभा सीट से कौन-कौन चुनावी मैदान में ?
मगराहाट पश्चिम सीट पर तृणमूल कांग्रेस के मो. समीम अहमद मोल्ला का मुकाबला BJP की प्रत्याशी गौर सुंदर घोष से है, जबकि कांग्रेस के अब्दुल मजीद हलदर और इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) के अब्दुल अजीज अल हसन भी मैदान में हैं. डायमंड हार्बर सीट पर तृणमूल के पन्ना लाल हलदर, भाजपा के दीपक कुमार हलदर को चुनौती दे रहे हैं. कांग्रेस के गौतम भट्टाचार्य और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के समर नाइया समेत कई अन्य प्रत्याशी भी इस सीट पर किस्मत आजमा रहे हैं.
BJP ने लगाया है मतदान में गड़बड़ी का आरोप
BJP ने आरोप लगाया कि डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र की इन दोनों विधानसभा सीट के कुछ मतदान केंद्रों पर बड़े पैमाने पर चुनावी धांधली हुई थी. डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी करते हैं. निर्वाचन आयोग ने आरोपों की जमीनी स्तर पर जांच के लिए अपने विशेष पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता को नियुक्त किया था. इस बीच, निर्वाचन आयोग शनिवार को फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में पुनर्मतदान पर फैसला करेगा।



