CJP Delhi Protest: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी छात्र आंदोलन को बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन और अभिनेत्री नोरा फतेही का समर्थन मिला है. दोनों कलाकारों ने छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से लेने, परीक्षा प्रणाली में जवाबदेही सुनिश्चित करने और मामले का निष्पक्ष समाधान निकालने की अपील की है.
वरुण धवन बोले- छात्रों को सवाल पूछने का अधिकार
अभिनेता वरुण धवन ने गुरुवार को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक मैसेज शेयर करते हुए कहा कि यदि छात्रों को लगता है कि व्यवस्था ने उन्हें निराश किया है, तो उन्हें सवाल उठाने का पूरा अधिकार है. उन्होंने लिखा कि छात्र देश का भविष्य हैं और उनकी आवाज सुनी जानी चाहिए. साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदर्शन का केंद्र छात्रों से जुड़े मुद्दों और उनके न्यायपूर्ण समाधान पर होना चाहिए. वरुण ने संबंधित अधिकारियों से छात्रों की चिंताओं पर गंभीरता से ध्यान देने की अपील भी की.
नोरा फतेही ने जताई संवेदना
अभिनेत्री नोरा फतेही ने भी इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए प्रदर्शन कर रहे छात्रों का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा और अंकों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह छात्रों और उनके परिवारों के वर्षों के त्याग और मेहनत का प्रतीक है. देर रात तक पढ़ाई करने वाला हर छात्र और अपने बच्चों की शिक्षा के लिए आर्थिक कठिनाइयों का सामना करने वाला हर परिवार निष्पक्ष, गरिमापूर्ण और भरोसेमंद व्यवस्था का हकदार है.’
आत्महत्या की घटनाओं पर जताया दुख
नोरा फतेही ने कथित पेपर लीक की खबरों और उससे जुड़े घटनाक्रम पर दुख व्यक्त करते हुए उन परिवारों के प्रति संवेदना जताई, जिन्होंने अपने बच्चों को खोया है. उन्होंने कहा कि छात्रों की आत्महत्या की खबरों ने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया है और किसी भी व्यवस्था या परीक्षा का परिणाम किसी की जान से अधिक महत्वपूर्ण नहीं हो सकता. उन्होंने प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साहस और संघर्ष की भी सराहना की.
20 जून से जारी है प्रदर्शन
गौरतलब है कि NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्र और विभिन्न संगठनों के समर्थक 20 जून से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं. प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार और कथित पेपर लीक से प्रभावित विद्यार्थियों को न्याय दिलाना शामिल है.
ये भी पढ़ें: राजस्थान ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, PM SETU योजना में उत्तर भारत में नंबर-1 और देश में पांचवां राज्य बना



