US Iran War Update: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है. बुधवार देर रात अमेरिकी सेना ने ईरान में बड़े पैमाने पर एयरस्ट्राइक करते हुए करीब 90 सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया. अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) का दावा है कि इन हमलों का उद्देश्य ईरान की सैन्य क्षमता, खासकर होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों पर हमले की क्षमता को कमजोर करना था.

90 सैन्य ठिकानों पर हमला
CENTCOM के अनुसार, एयरस्ट्राइक में ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम, मिसाइल और ड्रोन स्टोरेज साइट, निगरानी केंद्र, नौसैनिक ठिकाने और सैन्य लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया गया. अमेरिकी सेना का कहना है कि यह कार्रवाई क्षेत्रीय समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई.

अहवाज में 3 लोगों की मौत
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के मुताबिक, खुजेस्तान प्रांत के अहवाज शहर के बाहरी इलाके में हुए हमले में कम से कम 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं. स्थानीय प्रशासन ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव अभियान जारी है.

ट्रम्प बोले- ‘मैं ईरान की हिटलिस्ट में सबसे ऊपर’
उधर एयरस्ट्राइक के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि उन्हें हर समय खतरा बना रहता है. उन्होंने कहा, “मैं ईरान की हिटलिस्ट में सबसे ऊपर हूं.” ट्रम्प ने यह भी दावा किया कि ईरान समझौता करना चाहता है, लेकिन उन्हें भरोसा नहीं है कि तेहरान किसी भी समझौते का पालन करेगा.
होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बढ़ा तनाव
अमेरिका का कहना है कि हालिया सैन्य कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों पर हमले करने की ईरान की क्षमता को कमजोर करना है. यह समुद्री मार्ग वैश्विक तेल आपूर्ति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है.

ईरान ने दी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी
एयरस्ट्राइक के बाद ईरान ने अमेरिका को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि इन हमलों का उचित जवाब दिया जाएगा. हालांकि, ईरान की ओर से अब तक किसी सैन्य कार्रवाई की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में पूरे पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ने की आशंका बनी हुई है.
ये भी पढ़ें: जयपुर सड़क हादसा: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पीड़ित परिवार के लिए बढ़ाया मदद का हाथ, किया ये बड़ा ऐलान



