Monday, June 29, 2026
HomeIndiaमहाराष्ट्र विधानसभा में टीईटी पेपर लीक पर बवाल, विपक्ष का जोरदार हंगामा,...

महाराष्ट्र विधानसभा में टीईटी पेपर लीक पर बवाल, विपक्ष का जोरदार हंगामा, सरकार पर गंभीर आरोप, चर्चा न होने से सदन से वॉकआउट

महाराष्ट्र विधानसभा में टीईटी और अन्य परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने के मुद्दे पर विपक्ष ने सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने भाजपा से जुड़े लोगों पर आरोप लगाते हुए व्यापक जांच की मांग की। सरकार के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने सदन से बहिर्गमन किया और छात्रों के भविष्य को लेकर चिंता जताई।

Maharashtra TET Paper Leak : मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा में टीईटी सहित विभिन्न परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक के मुद्दे पर सोमवार को विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। विपक्षी विधायकों ने सरकार पर परीक्षा प्रणाली में विफलता का आरोप लगाते हुए विधान भवन की सीढ़ियों पर प्रदर्शन किया। चर्चा की मांग पूरी न होने पर विपक्ष ने सदन से बहिर्गमन कर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नाना पटोले सहित वरिष्ठ विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया कि टीईटी और राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले के पीछे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े लोग हैं और उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया की व्यापक जांच की मांग की। विपक्षी सदस्यों ने कथित टीईटी प्रश्नपत्र लीक और महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) की परीक्षाएं ऑनलाइन माध्यम से कराने के सरकार के फैसले के विरोध में नारेबाजी की।

विपक्षी विधायकों ने किया जाेरदार प्रदर्शन

कांग्रेस के सतेज पाटिल, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के अंबादास दानवे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद पवार) के जितेंद्र आव्हाड के नेतृत्व में विपक्षी विधायकों ने विधान भवन की सीढ़ियों पर प्रदर्शन किया। सदन में यह मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने दावा किया कि बार-बार प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाओं ने राज्य की छवि धूमिल कर दी है और लाखों छात्रों तथा शिक्षकों का भविष्य खतरे में डाल दिया है। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही वडेट्टीवार ने प्रश्नपत्र लीक के मुद्दे पर चर्चा कराने के लिए कार्यवाही स्थगित करने की मांग की। उन्होंने सवाल उठाया कि जब लाखों अभ्यर्थी वर्षों तक परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, तब भी सरकार पारदर्शी तरीके से परीक्षाएं कराने में क्यों विफल रही।

कांग्रेस विधायक ने टीईटी प्रश्नपत्र लीक मामले की व्यापक जांच की मांग करते हुए कहा कि प्रश्नपत्र तैयार करने वाली एजेंसियों, परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ी कंपनियों और इस कथित गिरोह के पूरे नेटवर्क की जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, लेकिन उनके अन्य राज्यों के लोगों से कथित संबंध एक बड़े नेटवर्क की ओर इशारा करते हैं, जिसका पर्दाफाश होना चाहिए। वडेट्टीवार ने 2018 के टीईटी घोटाले का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि उस मामले के एक आरोपी अभिषेक सावरिकर को बाद में भाजपा में शामिल कर लिया गया था।

विपक्ष ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा

विधानसभा में इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा की मांग करते हुए वडेट्टीवार ने सरकार से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदमों की घोषणा करने का आग्रह किया। इस पर स्कूली शिक्षा मंत्री दादा भुसे ने कहा कि सरकार इस विषय पर विस्तृत बयान देगी। हालांकि, सरकार के जवाब को असंतोषजनक बताते हुए और पर्याप्त चर्चा की अनुमति नहीं देने का आरोप लगाकर विपक्ष ने सदन से बहिर्गमन कर दिया। विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्षी विधायकों ने विधान भवन की सीढ़ियों पर प्रदर्शन किया और स्कूली शिक्षा मंत्री दादा भुसे तथा उनके मालेगांव विधानसभा क्षेत्र का परोक्ष रूप से उल्लेख करते हुए नारे लगाए।

पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नाना पटोले ने आरोप लगाया कि टीईटी और नीट का प्रश्नपत्र लीक होने के मामलों में शामिल लोग भाजपा से जुड़े हुए हैं।पटोले ने दावा किया कि बार-बार प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाओं के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा, सरकार को टीईटी अभ्यर्थियों की चिंता हो या न हो, लेकिन हमें छात्रों के भविष्य की चिंता है। इसलिए हम चाहते हैं कि विधानसभा और विधान परिषद, दोनों सदनों में प्रश्नपत्र लीक के मुद्दे पर चर्चा हो।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image