नई दिल्ली। तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के प्रमुख विजय ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले अपना घोषणापत्र जारी कर बड़ा दांव खेला है। पार्टी ने महिलाओं, किसानों और गरीब तबके को साधने के लिए कई आकर्षक वादे किए हैं। घोषणापत्र के अनुसार, महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं की शादी के लिए आठ ग्राम सोना और उच्च गुणवत्ता वाली रेशम साड़ी देने का वादा किया गया है। इसके अलावा, महिलाओं द्वारा संचालित स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने के लिए पांच लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। बच्चों की पढ़ाई बीच में न छूटे, इसके लिए माताओं को हर साल 15,000 रुपये देने की भी घोषणा की गई है।
किसानों को राहत देने के लिए पार्टी ने पांच एकड़ से कम जमीन वाले किसानों के फसल ऋण माफ करने का वादा किया है। साथ ही, धान के लिए 3,500 रुपये प्रति क्विंटल का न्यूनतम समर्थन मूल्य देने का भी आश्वासन दिया गया है। इस घोषणापत्र के जरिए टीवीके ने साफ संकेत दिया है कि वह चुनाव में महिलाओं और किसानों को केंद्र में रखकर मजबूत राजनीतिक रणनीति के साथ मैदान में उतर रही है।
गरीब परिवारों के लिए खास घोषणा
गरीब परिवारों की महिलाओं की शादी के लिए पार्टी ने 8 ग्राम सोना और अच्छी क्वालिटी की सिल्क साड़ी देने की भी बात कही है। इस योजना का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को सहारा देना बताया गया है। 23 अप्रैल को होने वाले चुनाव को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने बेहतर शिक्षा व्यवस्था देने का भी वादा किया है। साथ ही ‘पट्टा नियमितीकरण’ और हर घर तक 100 प्रतिशत पाइप से पीने का पानी पहुंचाने की बात कही गई है।
कर्मचारियों और किसानों के लिए वादे
घोषणा पत्र में सरकारी कर्मचारियों के लिए भी बड़े वादे किए गए हैं। विजय ने कहा है कि पुरानी पेंशन योजना को लागू करने पर विचार किया जाएगा। इसके अलावा ठेके पर काम कर रहे कर्मचारियों, जिनमें नर्सें भी शामिल हैं, उन्हें नियमित करने का भरोसा दिया गया है।
किसानों के लिए भी राहत का ऐलान किया गया है। पार्टी ने कहा है कि 5 एकड़ से कम जमीन वाले किसानों के कृषि सहकारी फसल ऋण को पूरी तरह माफ किया जाएगा। इन सभी वादों के जरिए टीवीके प्रमुख विजय ने चुनाव में आम जनता को साधने की कोशिश की है।



